'वेलकम टू द जंगल' 100 करोड़ पार, निर्देशक अहमद खान ने किया 'वेलकम 4' का धमाकेदार ऐलान
कॉमेडी फिल्मों के दीवानों के लिए एक बेहद शानदार खबर आ रही है। निर्देशक अहमद खान ने आधिकारिक तौर पर मोहर लगा दी है कि इस सुपरहिट फ्रेंचाइजी का अगला भाग यानी 'वेलकम 4' भी बनाया जाएगा। ये बड़ा एलान तब हुआ है, जब उनकी हालिया रिलीज फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी और परेश रावल जैसे शानदार कलाकारों से सजी ये सीरीज आज भी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने का दम रखती है और अब 'वेलकम 4' की खबर ने प्रशंसकों का उत्साह दोगुना कर दिया है।
अपने बेटे को लॉन्च करने की तैयारी में अहमद खान
सिर्फ यही नहीं, अहमद खान अपने बेटे अजान को भी एक नई फिल्म से लॉन्च करने की तैयारी में हैं। उन्होंने निर्माता फिरोज नाडियाडवाला और साजिद नाडियाडवाला के साथ कुछ और बड़ी फिल्मों पर काम करने के भी संकेत दिए हैं। हालांकि, अभी इन फिल्मों के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन अहमद ने ये साफ कर दिया है कि 'वेलकम 4' उनकी आने वाली बड़ी फिल्मों में से एक होगी।