LOADING...
थलापति विजय-तृषा कृष्णन विवाद के बीच निर्माता की नसीहत- पहले तलाक लें, फिर जैसे मर्जी जिएं
विजय-तृषा कृष्णन विवाद के बीच निर्माता ने सितारों को चेताया

थलापति विजय-तृषा कृष्णन विवाद के बीच निर्माता की नसीहत- पहले तलाक लें, फिर जैसे मर्जी जिएं

Mar 06, 2026
06:26 pm

क्या है खबर?

तमिल सुपरस्टार थलापति विजय और तृषा कृष्णन के कथित अफेयर की खबरों ने दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मचा दी है। अब इस मामले में एक दिग्गज तमिल निर्माता ने मोर्चा खोलते हुए दोनों कलाकारों पर तीखा हमला बोला है। निर्माता का कहना है कि ये बड़े सितारे अपनी निजी जिंदगी से समाज और युवाओं के सामने गलत मिसाल पेश कर रहे हैं। फिल्म निर्माता और समीक्षक जी धनंजयन ने इस पर कड़ी नाराजगी जाहिर की है।

निशाना

बिना नाम लिए विजय-तृषा पर साधा निशाना

धनंजयन की ये तीखी प्रतिक्रिया उन मीडिया रिपोर्ट्स के तुरंत बाद आई है, जिनमें दावा किया गया था कि विजय-तृषा ने अपने रिश्ते को सार्वजनिक कर दिया है। हालांकि, धनंजयन ने सीधे तौर पर विजय या तृषा का नाम नहीं लिया, लेकिन एक्स पर साझा किए गए उनके विचार साफतौर पर इन्हीं चर्चाओं की ओर इशारा कर रहे हैं। धनंजयन उन प्रभावशाली हस्तियों के व्यवहार से काफी परेशान दिखे, जो अपनी हरकतों से समाज को गलत संदेश दे रहे हैं।

पोस्ट

युवाओं को गलत संदेश न दें सितारे- धनंजयन

धनंजयन का मानना है कि लोकप्रिय हस्तियों को इस बात का हमेशा अहसास होना चाहिए कि समाज पर उनका कितना गहरा प्रभाव है। उनकी हर छोटी-बड़ी हरकत प्रशंसकों के लिए एक उदाहरण बन जाती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब कोई कलाकार 'मास लीडर' या 'युवाओं के लिए आदर्श' बन जाता है तो उसे अपने व्यक्तिगत जीवन के फैसलों में अधिक सतर्क और मर्यादित रहना चाहिए ताकि वो अनजाने में भी युवाओं को गलत रास्ते पर न ले जाए।

Advertisement

चेतावनी

अपार लोकप्रियता वाले सितारे समाज के लिए उदाहरण बनें- धनंजय

धनंजयन ने उन सितारों को आईना दिखाया है, जो अपनी सामाजिक और पारिवारिक जिम्मेदारियों को भूल जाते हैं। उन्होंने लिखा, 'जिन लोगों के पास अपार लोकप्रियता है, उन पर आम लोगों के सामने एक अच्छा उदाहरण पेश करने की बड़ी जिम्मेदारी होती है। उन्हें ये दिखाना चाहिए कि एक ईमानदार और सम्मानजनक जीवन कैसे जिया जाता है ताकि लोग उनका अनुसरण कर सकें। जब इस जिम्मेदारी को नजरअंदाज किया जाता है तो हर कोई उनके प्रति सम्मान खो देता है।'

Advertisement

हिदायत

निर्माता ने लिखा- पहले तलाक लो, फिर जैसे मर्जी जियो

निर्माता ने आगे लिखा, 'पारिवारिक मूल्यों में दृढ़ विश्वास रखने वाला व्यक्ति होने के नाते मैं इस बात से विचलित हूं कि कुछ बड़े अभिनेता अपने कृत्यों के जरिए अपने लाखों प्रशंसकों और अनुयायियों के सामने गलत उदाहरण पेश कर रहे हैं। एक पारिवारिक व्यक्ति को पहले कानूनी तौर पर अपनी शादी से बाहर आना चाहिए (तलाक लेना चाहिए) और उसके बाद वह जिस किसी के साथ भी, जैसे भी जीना चाहे, जी सकता है।'

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए पोस्ट

जिम्मेदारी

धनंजयन ने सभी सितारों को याद दिलाई सामाजिक जिम्मेदारी

धनंजयन आगे लिखते हैं, 'जीने के किसी भी अन्य (अनैतिक) तरीके को 'सामान्य' न बनाएं। अगर हर कोई ऐसा करने लगे तो सामाजिक ढांचा तबाह हो जाएगा। यह सभी अभिनेताओं के लिए है, सिर्फ एक-दो के लिए नहीं।' बता दें कि विजय और संगीता सोरनलिंगम के तलाक की अर्जी सार्वजनिक होने से उनके अफेयर की चर्चाएं तेज हो गई हैं, वहीं चेन्नई में शादी समारोह में विजय और तृषा का साथ दिखना इस विवाद को और बढ़ा रहा है।

Advertisement