
एकता कपूर ने इन अभिनेत्रियों को बनाया स्टार, एक को 19 की उम्र में किया लॉन्च
क्या है खबर?
एकता कपूर टीवी की दुनिया का वो नाम हैं, जो कहने को तो स्टार किड हैं, लेकिन कोई शक नहीं कि उन्होंने अपने हुनर और मेहनत के दम पर टीवी पर राज किया है।
न सिर्फ छोटा पर्दा, बल्कि फिल्मी दुनिया में भी उन्होंने खूब लोकप्रियता हासिल की है।
भारत की सबसे अमीर निर्माताओं की सूची में शुमार एकता 50 साल की हो गई हैं।
आइए जानें उन अभिनेत्रियों के बारे में, जिन्हें एकता ने खोजा और स्टार बनाया।
#1
विद्या बालन
बॉलीवुड की बेहतरीन अभिनेत्रियों में शुमार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पद्मश्री विजेता विद्या बालन को उनके एक्टिंग करियर का पहला ब्रेक एकता ने ही दिया था।
1995 में एकता के धारावाहिक 'हम पांच' में विद्या पहली बार अभिनय करती दिखीं और दर्शकों के दिलों में घर कर गईं।
इस शो के जरिए एकता ने भी बतौर निर्माता छोटे पर्दे पर अपनी शुरुआत की थी और बड़ी बात ये है कि उस समय एकता की उम्र महज 19 साल थीं।
#2 और #3
स्मृति ईरानी और साक्षी तंवर
स्मृति ईरानी को बड़ा ब्रेक देने वाली एकता ही थीं। एकता ने अपने शो 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' में स्मृति को मौका दिया और इस शो में 'तुलसी' की भूमिका निभाकर स्मृति इतनी मशहूर हो गईं कि आज भी ये किरदार उनकी पहचान है।
उधर साक्षी तंवर काे असली पहचान और स्टारडम एकता के शो 'कहानी घर घर की' से मिला। इसके बाद एकता के शो 'बड़े अच्छे लगते हैं' से वह सफलता के शिखर पर पहुंच गईं।
#4 और #5
मौनी रॉय और अंकिता लोखंडे
अभिनेत्री मौनी रॉय को खोजने वाली एकता ही हैं। 'क्यूंकि सास भी कभी बहू थी' से मौनी को पहला ब्रेक मिला। इसके बाद एकता के बनाए 'कस्तूरी', 'नागिन' और 'नागिन 2' जैसे धारावाहिकों ने उन्हें छोटे पर्दे पर स्टार का दर्जा दिलाया।
दूसरी ओर अंकिता लोखंडे को पहली बार एक्टिंग करने का मौका एकता के शो 'पवित्र रिश्ता' में मिला और इसमें अर्चना का किरदार निभाकर वह घर-घर में मशहूर हो गईं। यह उनके लिए मील का पत्थर साबित हुआ।
#6 और #7
अनिता हसनंदानी और प्राची देसाई
अनीता हसनंदानी को स्टार बनाने वाली एकता ही थीं। पहले एकता ने उन्हें बॉलीवुड में मौका दिया और इसके बाद वह उन्हें छोटे पर्दे पर लाईं। एकता ने अनीता को अपने टीवी शो 'काव्यांजलि' में लीड रोल सौंपा। इसके बाद एकता के 'कभी सौतन कभी सहेली', 'क्या हादसा क्या हकीकत' जैसे धारावाहिकों से अनीता टीवी की दुनिया का बड़ा नाम बन गईं।
दूसरी ओर प्राची देसाई को भी उनके करियर का पहला शो 'कसम से' एकता ने ही दिया था।