Page Loader
विक्की कौशल से पहले इरफान खान को मिला था 'सरदार उधम सिंह' का प्रस्ताव
विक्की कौशल और इरफान खान

विक्की कौशल से पहले इरफान खान को मिला था 'सरदार उधम सिंह' का प्रस्ताव

Oct 05, 2021
03:23 pm

क्या है खबर?

अभिनेता विक्की कौशल जल्द ही भारतीय क्रांतिकारी सरदार उधम सिंह के जीवन पर बनने वाली फिल्म में नजर आएंगे। हालांकि, असल में इसके लिए विक्की पहली पसंद नहीं थे। दिवंगत अभिनेता इरफान खान फिल्म में सरदार उधम सिंह का किरदार निभाने वाले थे, लेकिन उनकी तबीयत ठीक ना होने के चलते यह फिल्म विक्की की झोली में जा गिरी। हाल ही में विक्की ने इस पर खुलकर बात की। आइए जानते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा।

बयान

इरफान साहब की जगह कोई नहीं ले सकता- विक्की

न्यूज 18 से विक्की कौशल ने कहा, "जब मैंने इरफान साहब को फिल्म में रिप्लेस किया तो मुझे जरा भी दबाव महसूस नहीं हुआ। उनकी जगह कभी कोई ले ही नहीं सकता। मैं क्या चीज हूं? इरफान साहब का कोई मुकाबला नहीं।" उन्होंने कहा, "वह दुनिया के बेहतरीन कलाकारों में से एक थे। मेरे लिए तो यह सम्मान की बात है कि मुझे उस फिल्म का हिस्सा बनाया गया, जिससे इरफान खान जैसे सर्वेश्रेष्ठ अभिनेता का नाम जुड़ा था।"

जानकारी

विक्की के लिए आसान नहीं रहा उधम सिंह का किरदार निभाना

विक्की ने कहा, "देश के कई स्वतंत्रता सेनानी हमारे इतिहास की किताबों में गुम हो गए। उन्हें महज एक लाइन, पैराग्राफ या एक पेज में समेट दिया गया। सरदार उधम सिंह उन्हीं मे से एक थे। उनकी कहानी बेहद प्रेरणादायी है।" उन्होंने कहा, "सरदार उधम सिंह के अंदर दर्द, जुनून, असाधारण साहस, बलिदान और देश सेवा की भावना कूट- कूट कर भरी थी। उनकी कहानी को खुद पर ढालना आसान नहीं था, क्योंकि उनका साहस और धैर्य बेजोड़ था।"

कहानी

जलियांवाला बाग नरसंहार के बदले की कहानी है 'सरदार उधम सिंह'

'सरदार उधम सिंह' मुख्य रूप से अमृतसर के 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार के बदले की कहानी है। उधम सिंह वह महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ब्रिटिश हुकूमत से इस नरसंहार का बदला लेने के लिए उधम सिंह ने लंदन में माइकल ओ'डायर की हत्या की थी। यह फिल्म 16 अक्टूबर को अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी। इसका ट्रेलर कुछ ही दिन पहले रिलीज हुआ है, जिसे दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।

जानकारी

फिल्म में इरफान को कास्ट करना चाहते थे शूजित सरकार

निर्देशक शूजित सरकार 'सरदार उधम सिंह' इरफान खान के साथ बनाना चाहते थे, लेकिन उनकी बिगड़ती सेहत के चलते यह फिल्म विक्की कौशल को मिल गई। उन्होंने खुद एक इंटरव्यू में यह खुलासा किया था। शूजित ने कहा था, "2018 में इरफान की बीमारी का पता चला। उनकी बिगड़ती सेहत देख फिल्म में विक्की कौशल को कास्ट किया गया।" पिछले साल 29 अप्रैल को 54 साल की उम्र में इरफान का कैंसर के कारण निधन हो गया था।