विक्की कौशल ने शेयर किया 'सरदार उधम सिंह' का नया पोस्टर, OTT पर आएगी फिल्म
क्या है खबर?
काफी समय से विक्की कौशल अपनी अगली फिल्म सरदार उधम सिंह को लेकर लोगों के बीच चर्चा में हैं।
चर्चा थी कि उनकी यह फिल्म OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो सकती है और अब अभिनेता ने फिल्म का नया पोस्टर शेयर कर खुद यह साफ कर दिया है कि उनकी इस फिल्म ने OTT का रास्ता चुना है। विक्की ने फिल्म का एक नया पोस्टर शेयर कर यह जानकारी दी है।
आइए जानते हैं उन्होंने अपने पोस्ट में क्या लिखा।
ऐलान
फिल्म अक्टूबर में दर्शकों के बीच आएगी
विक्की कौशल ने घोषणा की है कि उनकी यह फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। हालांकि, अभी इसकी रिलीज डेट सामने नहीं आई है।
इंस्टाग्राम पर फिल्म का एक पोस्टर शेयर कर विक्की ने लिखा, 'हम आपके लिए एक क्रांतिकारी की कहानी लेकर आ रहे हैं। मेरा दिल प्यार से भर गया है। इस अक्टूबर देखें सरदार उधम सिंह अमेजन प्राइम वीडियो पर।'
इसके बाद प्रशंसक विक्की को उनकी इस फिल्म की रिलीज के लिए बधाई दे रहे हैं।
बयान
क्या बोले फिल्म के निर्माता रॉनी लहरी?
निर्माता रोनी लहिरी ने कहा, "उधम सिंह की देशभक्ति और अपनी मातृभूमि के लिए गहरे, निस्वार्थ प्रेम को प्रदर्शित करने और स्वीकार करने वाली इस फिल्म को बनाना उत्साहजनक रहा है। इस अनकही कहानी को प्रस्तुत करने के लिए टीम द्वारा दो दशकों के शोध और समझ को बखूबी पेश किया गया है।"
उन्होंने कहा, "विक्की ने अपने पूरे जीवन की यात्रा में उधम सिंह की असंख्य भावनाओं के वास्तविक सार को सामने लाने के लिए जबरदस्त कोशिश की है।"
कहानी
जलियांवाला बाग नरसंहार के बदले की कहानी है 'सरदार उधम सिंह'
'सरदार उधम सिंह' की कहानी मुख्य रूप से अमृतसर के 1919 के जलियांवाला बाग नरसंहार के बदले की कहानी है।
उधम सिंह वह महान क्रांतिकारी थे, जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
ब्रिटिश हुकूमत से इस नरसंहार का बदला लेने के लिए उधम सिंह ने लंदन में माइकल ओ'डायर की सुनियोजित हत्या की थी।
इस फिल्म का निर्देशन शूजीत सरकार ने किया है। फिल्म में विक्की, सरदार उधम सिंह का किरदार पर्दे पर साकार करते दिखेंगे।
फिल्में
विक्की की ये फिल्में भी हैं लाइन में
विक्की निर्देशक शशांक खैतान की फिल्म 'मिस्टर लेले' में मुख्य भूमिका निभाएंगे। वह भारत के महान युद्ध नायकों में से एक सैम मानेकशॉ के जीवन पर बनने वाली फिल्म 'सैम बहादुर' का हिस्सा हैं।
फिल्म 'द ग्रेट इंडियन फैमिली' में वह मानुषी छिल्लर के साथ काम कर रहे हैं। विक्की फिल्म 'द इम्मोर्टल अश्वत्थामा' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इसमें विक्की के साथ अभिनेत्री सारा अली खान नजर आएंगी। इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर कर रहे हैं।