वेदांग रैना का इम्तियाज अली पर अटूट भरोसा, बोले- नाम सुनते ही कर दी थी हां
क्या है खबर?
मशहूर निर्देशक इम्तियाज अली जब भी पर्दे पर कोई कहानी लेेकर आते हैं तो वो सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि जज्बातों का एक समंदर होती है। भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर बनी उनकी नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है। फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे युवा और प्रतिभाशाली अभिनेता वेदांग रैना को लेकर फिल्म जगत में भारी उत्साह है। हाल ही में अभिनेता ने फिल्म में काम करने के अपने अनुभव पर खुलकर बात की।
डर
सफलता से ज्यादा सताता है काम न मिलने का डर
अमर उजाला से बातचीत में वेदांग ने अपने दिल की बात साझा कर कहा, "मेरे लिए सबसे बड़ा दबाव सफलता हासिल करने का नहीं, बल्कि नए अवसरों को पाने का है। मेरी बस यही दुआ रहती है कि मुझे लगातार अच्छा काम और बेहतरीन फिल्में मिलती रहें, ताकि मैं खुद को एक अभिनेता के तौर पर साबित कर सकूं। सफलता मिलना बहुत अच्छी बात है, लेकिन मेरा सबसे बड़ा डर है कि कहीं मुझे मौके मिलने बंद न हो जाएं।"
दीवानगी
फिल्म साइन करने के लिए इम्तियाज का नाम ही काफी था
'मैं वापस आऊंगा' को लेकर वेदांग बोले, "जैसे ही मुझे पता चला कि फिल्म इम्तियाज अली सर बना रहे हैं और वो इस रोल के लिए मेरे बारे में सोच रहे हैं, मैंने बिना सोचे तुरंत हां कह दी। मुझे न तो पूरी स्क्रिप्ट की जरूरत थी और ना ही किसी दूसरी जानकारी की। मेरे पास सिर्फ फिल्म की एक छोटी सी कहानी थी, लेकिन इम्तियाज सर संग काम करने का मौका मिलना ही मेरे लिए सबसे बड़ी बात थी।"
दिलचस्पी
पार्टियां नहीं, मुझे खुद के साथ वक्त बिताना पसंद
वेदांग असल में काफी शर्मीले और कम बोलने वाले इंसान हैं। उन्होंने कहा, "मुझे नहीं पता कि लोग मेरे बारे में क्या सोचते हैं, लेकिन मैं बिल्कुल भी ज्यादा घुलने-मिलने वाला इंसान नहीं। लोगों को लगता होगा कि मैं बहुत बाहर जाता हूं और पार्टियां करता हूं, लेकिन असलियत में मैं ऐसा बिल्कुल नहीं हूं। मुझे घर पर बैठकर फिल्में देखना, किताबें पढ़ना या म्यूजिक सुनना पसंद है। खुद के साथ वक्त बिताने में मुझे सबसे ज्यादा खुशी मिलती है।"
अफवाहें
कभी किसी का बेटा तो कभी रिश्तेदार बना देते हैं- वेदांग
इंटरनेट पर उड़ने वाली अफवाहों पर वेदांग कहते हैं, 'मैं अपने बारे में उड़ने वाली अफवाहों पर ध्यान नहीं देता, लेकिन कभी-कभी कुछ बातें बेहद मजेदार होती हैं। सबसे ज्यादा हंसी तब आती है, जब लोग मुझे जबरदस्ती अलग-अलग फिल्मी परिवारों से जोड़ देते हैं। कोई कहता है मैं किसी का बेटा हूं तो कोई किसी स्टार से मेरा नया रिश्ता निकाल देता है। ये बातें पूरी तरह झूठी होती हैं, लेकिन इन्हें पढ़कर मेरा बढ़िया मनोरंजन हो जाता है।"
जानकारी
कब रिलीज होगी वेदांग रैना की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा'?
वेदांग की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' 12 जून को सिनेमाघरों में आ रही है, जिसमें उनके साथ शरवरी वाघ, दिलजीत दोसांझ और नसीरुद्दीन शाह अहम भूमिका में नजर आएंगे। इस पीरियड रोमांटिक ड्रामा फिल्म का संगीत एआर रहमान ने तैयार किया है।