'द ओडिसी' की शानदार कमाई बॉक्स ऑफिस पर जारी, 5वें दिन बटोरे इतने करोड़ रुपये
क्या है खबर?
मैट डेमन और टॉम हॉलैंड की फिल्म 'द ओडिसी' इस वक्त दुनियाभर में तहलका मचा रही है। क्रिस्टोफर नोलन द्वारा निर्देशित इस ऐतिहासिक ड्रामा को भारतीय दर्शक भी खूब प्यार दे रहे हैं। फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर 5 दिन पूरे कर चुकी है। दैनिक कमाई में उठा-पटक का दौर जारी है, लेकिन ये 100 करोड़ के क्लब में दाखिल होने के लिए लगातार बढ़ रही है। आइए देखें फिल्म का ताजा कलेक्शन।
कारोबार
'द ओडिसी' की कमाई में 5वें दिन आया उछाल
सैकनिल्क के मुताबिक, 'द ओडिसी' ने रिलीज के 5वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 8.35 करोड़ रुपये कमाए हैं।
इसने चौथे दिन 8 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, लेकिन 5वें दिन बढ़त हासिल करते हुए अब तक कुल 77.65 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर लिया है। जल्द ही यह 100 करोड़ के क्लब में दाखिल होगी।
क्रिस्टोफर की फिल्म दुनियाभर में छाई हुई है और इसने वैश्विक स्तर पर लगभग 2,430 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है।
फिल्म
'धमाल 4' भी लगातार दे रही टक्कर
अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी और जावेद जाफरी जैसे सितारों वाली कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर लगातार अपने पैर जमाए बैठी है।
सैकनिल्क के मुताबिक, इसने रिलीज के 12वें दिन बॉक्स ऑफिस पर 4 करोड़ रुपये कमाए हैं, जिसके बाद कुल कलेक्शन 131.75 करोड़ रुपये हो गया है। इसके प्रदर्शन से साफ है कि फिल्म इतनी आसानी से हार नहीं मानने वाली।
इंद्र कुमार द्वारा निर्देशित ये कॉमेडी 'धमाल' फ्रैंचाइजी की चौथी कड़ी है।