'द ओडिसी' के तूफान से थर्राया भारतीय बॉक्स ऑफिस, 3 दिन में हो गई बंपर कमाई
क्या है खबर?
क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'द ओडिसी' दुनियाभर के साथ-साथ भारत में भी शानदार प्रदर्शन कर रही है। इसने 17 करोड़ रुपये की ओपनिंग के साथ, निर्देशक के करियर की सबसे बड़ी भारतीय ओपनिंग दर्ज की और 'ओपेनहाइमर' (लगभग 14.45 करोड़) के पहले दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। महज 3 दिनों के अंदर फिल्म ने 60 करोड़ रुपये से ज्यादा कारोबार कर लिया है। दूसरी ओर, अजय देवगन की 'धमाल 4' ने वीकेंड पर धमाकेदार कमाई कर दिखाई है।
कलेक्शन
'द ओडिसी' ने भारत में किया शानदार कारोबार
सैकनिल्क के मुताबिक, मैट डेमन अभिनीत फिल्म ने तीसरे दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 21.90 करोड़ रुपये कमाए।
इसने पहले दिन 17.40 करोड़ और दूसरे दिन 22 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। इस तरह 'द ओडिसी' का कुल नेट कलेक्शन 61.30 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 73.19 करोड़ रुपये हो गया है।
वहीं दुनियाभर में इसका कुल कारोबार लगभग 2,270 करोड़ रुपये घोषित किया गया है।
IMAX में बनी इस फिल्म में टॉम हॉलैंड और जेंडाया भी हैं।
फिल्म
'धमाल 4' ने दूसरे वीकेंड का जमकर उठाया फायदा
इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' बॉक्स ऑफिस पर दूसरे हफ्ते में प्रवेश कर चुकी है।
सैकनिल्क के मुताबिक, इसने अपने दूसरे रविवार को 10वें दिन कुल 12.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद कुल नेट कारोबार 124.50 करोड़ रुपये हो गया है।
फिल्म में अजय के अलावा, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, अंजलि आनंद और संजीदा शेख जैसे कलाकार भी शामिल हैं। ये 'धमाल' फ्रैंचाइजी की चौथी कड़ी है।