टीवी चैनलों पर अब विज्ञापनों का कोई समय बंधन नहीं, सरकार ने बदला सालों पुराना नियम
टीवी देखने वालों के लिए एक बड़ी खबर है। सरकार ने वो पुराना नियम खत्म कर दिया है, जिसके तहत टीवी पर हर घंटे सिर्फ 12 मिनट के विज्ञापन दिखाने की छूट थी। ये बदलाव 21 अगस्त, 2026 को घोषित किया गया है। अब टीवी चैनल अपनी मर्जी से ज्यादा विज्ञापन दिखा सकेंगे। बता दें कि यह पुराना नियम तब बनाया गया था] जब देश में केवल 62 टीवी चैनल हुआ करते थे।
सरकार ने हटाया विज्ञापन समय का पुराना बंधन
मंत्रालय के अनुसार, टीवी की दुनिया अब बिल्कुल बदल चुकी है। आज 900 से ज्यादा टीवी चैनल हैं और देखने के कई नए विकल्प भी मौजूद हैं। मंत्रालय का मानना है कि ये ठीक नहीं है कि एक ओर टीवी पर विज्ञापनों की सख्त सीमाएं हों, वहीं दूसरी ओर डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर ऐसी कोई बंदिश न हो। यह सीमा हटाने से उम्मीद है कि टीवी ब्रॉडकास्टर्स को बराबरी का मौका मिलेगा और वे आज के मीडिया परिदृश्य में बेहतर ढंग से प्रतिस्पर्धा कर पाएंगे।