'द इंडिया स्टोरी' का पहला लुक पोस्टर जारी, श्रेयस तलपड़े-काजल अग्रवाल के किरदारों का खुलासा
क्या है खबर?
फिल्मी पर्दे पर श्रेयस तलपड़े को अक्सर कॉमिक किरदार निभाते देखा जाता रहा है। आगामी फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' में दर्शक उन्हें एक गंभीर और चिंताजनक अवतार में देखेंगे। इसका संकेत फिल्म के पहले लुक पोस्टर से मिल गया है। चेट्टन डीके द्वारा निर्देशित और सागर बी शिंदे द्वारा निर्मित-लिखित फिल्म में काजल अग्रवाल भी मुख्य किरदार में हैं। निर्माताओं द्वारा जारी फिल्म के पोस्टर में वह एक सशक्त और आत्मनिर्भर महिला वकील के अंदाज में दिखी हैं।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए फिल्म का पहला लुक पोस्टर
FIRST LOOK OUT NOW #KajalAggarwal and #ShreyasTalpade headline #TheIndiaStory, a film that shines a spotlight on the alarming issue of food adulteration.
— Sumit Kadel (@SumitkadeI) June 18, 2026
The makers have unveiled the film’s first official poster, revealing the striking looks of the lead actors.
Directed by… pic.twitter.com/PoNAcXYjSL
विषय
खाद्य पदार्थों के गंभीर मुद्दे को उठाती है फिल्म
'द इंडिया स्टोरी' के पोस्टर में श्रेयस एक हताश पिता के किरदार में नजर आए हैं, जो अपनी बीमार बेटी को न्याय दिलाने की कोशिश में लगा है। काजल एक महिला वकील के किरदार में हैं। ऐसा लगता है कि फिल्म में वह अभिनेता के किरदार की इंसाफ की लड़ाई में उनका साथ देंगी। फिल्म खाद्य पदार्थों में मिलावट, रसायनों के दुरुपयोग और उससे जुड़े घोटालों को दिखाएगी। यह 24 जुलाई, 2026 को हिंदी, तेलुगु और तमिल में रिलीज होगी।
आरोप
फिल्म निर्माताओं को भेजा गया कानूनी नोटिस
हाल ही में, फिल्म निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजकर भ्रामक, मानहानिकारक और अप्रमाणित दावे करने का आरोप लगाया गया है। एग्री बिजनेस सेंटर के मालिक भावेश सोढ़ा ने नोटिस में आरोप लगाया है कि फिल्म भारत के कृषि तंत्र को "धीमे जहर" के स्रोत के रूप में दर्शाती है। उन्होंने CBFC को नोटिस की एक कॉपी भेजकर प्रमाणन न करने का आग्रह किया है। साथ ही फिल्म का टीजर और अन्य सामग्री को तत्काल हटाने के लिए कहा है।