Page Loader
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के राज अनादकट उर्फ ​​टप्पू शो को कहेंगे अलविदा
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को छोड़ेंगे राज अनादकट

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' के राज अनादकट उर्फ ​​टप्पू शो को कहेंगे अलविदा

Dec 12, 2021
08:19 pm

क्या है खबर?

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' हमेशा से लोकप्रिय टीवी सीरियल रहा है। खास बात यह है कि इस सीरियल के हर एक किरदार ने दर्शकों का दिल जीता है। हाल में कई कलाकारों ने इस शो से अपना नाता तोड़ा है। अब इस कड़ी में एक और कलाकार का नाम जुड़ गया है। ऐसी चर्चा है कि राज अनादकट उर्फ ​​टप्पू इस शो को अलविदा कह देंगे। टप्पू के रूप में उन्होंने शो में अपनी खास जगह बनाई थी।

रिपोर्ट

20 दिसंबर को सेट पर राज का होगा आखिरी दिन

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, राज 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को अलविदा कहने वाले हैं। एक सूत्र ने बताया कि राज कुछ समय से शो को छोड़ने के फैसले पर विचार कर रहे थे। इसको लेकर उन्होंने प्रोडक्शन हाउस के साथ भी बातचीत की थी। अब आखिरकार उन्होंने शो को छोड़ने का मन बना लिया है। कहा जा रहा है कि शो के सेट पर 20 दिसंबर को राज का आखिरी दिन होगा।

मान-मनौव्वल

राज को मनाने की कोशिश में लगे हैं मेकर्स

खबरों की मानें तो राज ने अपने करीबी लोगों को अपने लास्ट वर्किंग डे के बारे में जानकारी दी है। राज के इस फैसले से मेकर्स के साथ-साथ दर्शक भी हैरान हैं। कहा जा रहा है कि मेकर्स राज को मनाने की कोशिश में लगे हैं। राज के शो को छोड़ने के पीछे कई वजहें बताई जा रही हैं। हालांकि, इस संबंध में कुछ भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

वजह

राज के शो छोड़ने की वजहें क्या हैं?

सोशल मीडिया पर मुनमुन दत्ता को लेकर हुई कंट्रोवर्सी के बाद मेकर्स ने सभी कलाकारों को एक अंडरटेकिंग साइन करने के लिए कहा था। इसमें लिखा गया था कि कोई भी कलाकार जाति-धर्म या भाषा को लेकर विवादित टिप्पणी नहीं करेगा। कहा जाता है कि राज को छोड़कर सीरियल के सभी कलाकारों ने इस अंडरटेकिंग को साइन किया था। शायद इसलिए उन्होंने इस शो से खुद को बाहर कर लिया।

एंट्री

2017 में हुई थी शो में राज की एंट्री

2017 में जब भव्य गांधी सीरियल में टप्पू का किरदार छोड़कर गए थे, तभी से इस किरदार को राज ने निभाया। उन्होंने अपने स्टाइल से लोगों का दिल जीत लिया था। ऐसी भी चर्चा है कि राज टीवी शो को छोड़कर वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखेंगे। हाल के वर्षों में नेहा मेहता और गुरुचरण सिंह जैसे कलाकारों ने भी शो को छोड़ दिया था। उनके जगह पर सुनयना फौजदार और बलविंदर सिंह सोढ़ी को कास्ट किया गया था।

पहला सीजन

2008 से प्रसारित हो रहा है यह शो

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' सोनी सब चैनल पर प्रसारित होने वाला एक लोकप्रिय शो रहा है। इसका पहला एपिसोड 28 जुलाई, 2008 को प्रसारित हुआ था। 2008 से अभी तक करीब 13 सालों तक यह शो दर्शकों को गुदगुदाता आ रहा है। दिलचस्प है कि इस शो के हर एक किरदार ने लोगों को प्रभावित किया है। यह शो एक फैमिली कॉमेडी पर आधारित है। IMDb की वेबसाइट पर शो को दस में से 8.2 रेटिंग दी गई है।