
तारक मेहता का उल्टा चश्मा: राज अनादकट से पहले ये कलाकार छोड़ चुके हैं शो
क्या है खबर?
टीवी के लोकप्रिय धारावाहिकों की सूची में 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का जिक्र जरूर होता है। पिछले 14 सालों से यह शो लगातार दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है।
बीते दिनों यह तब चर्चा में आया, जब राज अनादकट उर्फ टप्पू ने शो को अलविदा कहा। दरअसल, इससे पहले कई लोकप्रिय कलाकार शो से कन्नी काट चुके हैं।
आइए आपको उन कलाकारों से मिलवाते हैं और साथ ही बताते हैं उनके शो से दूर होने की वजह।
#1
निधि भानुशाली
अभिनेत्री निधि भानुशाली शो में सोनू की भूमिका में दिखी थीं। अपनी इस भूमिका से उन्होंने दर्शकों से खूब वाहवाही बटोरी। वह शो में भिड़े और माधवी की बेटी बनी थीं।
दर्शकों को हैरानी तब हुई, जब निधि अचानक इस शो से बाहर हो गईं। दरअसल, शो की शूटिंग की वजह से निधि अपनी पढ़ाई में ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रही थीं।
हालांकि, प्रोडक्शन हाउस ने चीजें सुलझाने की कोशिश की, लेकिन निधि ने शो छोड़ने का फैसला किया।
#2
भव्य गांधी
शो में राज अनादकट की एंट्री तब हुई थी, जब भव्य गांधी ने इसे टाटा बाय-बाय कहा था। उनके शो छोड़ने के कई कारण सामने आए। इसके बाद खुद भव्य ने असली वजह बताई। उन्होंने कहा, "मेरे किरदार में काफी कुछ किया जा सकता था, लेकिन इसे अनदेखा किया जा रहा था। मैंने कई बार निर्माताओं से इस पर बात की।"
उन्होंने कहा, "शो में मुझे बमुश्किल ही दिखाया जाता था, इसलिए बेहतर था कि मैं इसे छोड़ ही दूं।"
#3
दिशा वकानी
शो के प्रशंसकों को सबसे बड़ा झटका तब लगा था, जब दिशा वकानी उर्फ दयाबेन इससे पीछे हटी थीं। उन्होंने मां बनने के बाद 2017 में अपने बच्चे की परवरिश के लिए ब्रेक लिया था, लेकिन पांच साल से वह अब तक शो में नहीं लौटीं।
हालांकि, दयाबेन के प्रशंसक उन्हें शो में देखने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। निर्माता असित मोदी के मुताबिक, अब दिशा दोबारा मां बन गई हैं, इसलिए शो में उनकी वापसी नहीं होगी।
#4
शैलेश लोढ़ा
अभिनेता शैलेश लोढ़ा के शो से बाहर जाने के बाद तारक मेहता एक बार फिर विवादों में आ गया था। सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई थी कि आखिर क्यों एक के बाद एक कलाकार की शो से छुट्टी हो रही है।
शैलेश शो में तारक का किरदार निभाते थे। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शैलेश इस शो के चलते बतौर अभिनेता कुछ नया और अलग नहीं पा रहे थे। वह शो के साथ हुए कॉन्ट्रैक्ट से नाखुश थे।
#5
नेहा मेहता
अभिनेत्री नेहा मेहता 12 सालों तक शो से जुड़ी रहीं, लेकिन फिर उन्होंने इससे विदाई ले ली। उन्होंने इसमें अंजली भाभी की भूमिका निभाई थी।
नेहा ने बताया था कि आगे बढ़ने के लिए शो छोड़ना जरूरी था, क्योंकि लंबे समय से एक ही शो के साथ जुड़े रहने से वह कंफर्ट जोन में चली गई थीं।
उन्हें उस बीच कई दिलचस्प किरदार निभाने का मौका मिला, लेकिन उन्होंने यह सोचकर उन्हें छोड़ दिया कि 'तारक मेहता' उनका परिवार है।
#6
मोनिका भदौरिया
अभिनेत्री मोनिका भदौरिया ने 2019 में इस शो को अलविदा कहा था। वह छह साल से इसका हिस्सा थीं। उन्होंने इस शो में बागा की गर्लफ्रेंड बावरी का किरदार निभाया था।
बागा और बावरी की केमिस्ट्री दर्शकों को बेहद पसंद आती थी। मोनिका ने बताया था कि वह शो में मिल रहे पैसों से संतुष्ट नहीं थीं।
उन्होंने निर्माताओं से कई बार फीस बढ़ाने के लिए कहा था, लेकिन वे राजी नहीं हुए। लिहाजा मोनिका ने शो छोड़ दिया।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस
'तारक मेहता..' का पहला एपिसोड 28 जुलाई, 2008 को आया था। करीब 14 सालों से यह शो दर्शकों को गुदगुदाता आ रहा है। शो के हर किरदार ने लोगों को प्रभावित किया है। IMDb की वेबसाइट पर इसे 10 में से 8.2 रेटिंग मिली है।