'चोली के पीछे' गाने से क्यों जुड़ रही है फिल्म 'मां बहन'? निर्देशक सुरेश त्रिवेणी ने तोड़ी चुप्पी
निर्देशक सुरेश त्रिवेणी ने अपनी फिल्म 'मां बहन' के बारे में बात करते हुए कहा है कि उन्होंने साल 1993 की फिल्म 'खलनायक' के मशहूर गाने 'चोली के पीछे' को ध्यान में रखकर अपनी फिल्म नहीं बनाई थी।
हालांकि, कुछ दर्शकों ने दोनों में समानताएं देखी हैं। इस पर सुरेश ने बताया कि दर्शकों की यह प्रतिक्रिया उनके लिए चौंकाने वाली और दिल छू लेने वाली थी।
'मां बहन' में माधुरी दीक्षित ने रेखा नाम का किरदार निभाया है। रेखा को एक बिना आस्तीन वाला ब्लाउज पहनने पर समाज की आलोचना का सामना करना पड़ता है।
उनके लिए यह ब्लाउज सिर्फ एक कपड़ा नहीं, बल्कि सामाजिक मानदंडों के खिलाफ एक खामोश विद्रोह है।
फिल्म 'मां बहन' का ब्लाउज दर्शाता है महिलाओं की आजादी को
'खलनायक' में जहां 'चोली' को सिर्फ एक कामुक नजरिए से देखा गया था, वहीं 'मां बहन' में ब्लाउज का इस्तेमाल औरतों की आजादी और उनकी पसंद पर चर्चा शुरू करने के लिए किया गया है।
सुरेश ने इस अहम संदेश को कहानी में बखूबी पिरोने का श्रेय लेखिका पूजा थुलानी को दिया है।
फिल्म में माधुरी दीक्षित के साथ तृप्ति डिमरी और धरना दुर्गा भी नजर आती हैं। यह फिल्म 5 जून को रिलीज हुई थी।