
सनी देओल, फवाद खान की बॉलीवुड वापसी पर बोले- हम कलाकार पूरी दुनिया के लिए हैं
क्या है खबर?
अभिनेता सनी देओल इन दिनों फिल्म 'जाट' को लेकर सुर्खियों में हैं। उनकी यह फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है, जिसे दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।
आजकल सनी अपनी इसी फिल्म के प्रचार-प्रसार में जुटे हैं।
हाल ही में उन्होंने पाकिस्तानी कलाकारों के बॉलीवुड फिल्मों में काम करने पर बात की और यह बात तब आई, जब उनसे पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान की वापसी का जिक्र किया गया।
आइए जानें क्या कुछ बोले सनी।
बयान
हम कलाकार सबके लिए हैं- सनी
हिन्दुस्तान टाइम्स ने बातचीत में सनी से पूछा कि वह 'बॉर्डर' और 'गदर' जैसी देशभक्ति वाली फिल्में कैसे करते हैं। क्या उनके हिसाब से फवाद जैसे पाकिस्तानी कलाकारों को भारतीय सिनेमा में वापस आना चाहिए।
इस पर सनी कहते हैं, "देखिए, मैं राजनीति में नहीं पड़ना चाहूंगा, क्योंकि यहीं से चीजें उलझने लगती हैं। हम कलाकार हैं और हम दुनियाभर में सबके लिए काम करते हैं। भले ही कोई देख रहा हो या नहीं, हम तो सबके लिए हैं।"
सुझाव
"देशों की सीमाएं न हों, यही सबके लिए अच्छा"
सनी आगे कहते हैं, "न तो सिनेमा की कोई सीमा होनी चाहिए और ना ही देशों की। न सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि दूसरे देशों को भी भारत आकर काम करना चाहिए। हमें मिल-जुलकर काम करना चाहिए। वैश्विक सिनेमk को बढ़ावा देना चाहिए। सिनेमा जगत में ऐसी कोई बात नहीं होनी चाहिए। दुनिया जैसे ग्लोबल बन रही है, वैसे ही रहनी चाहिए। देशों की सीमाएं न हों, यही सबके लिए अच्छा रहेगा।"
हरलर
फवाद की इस फिल्म का हो रहा विरोध
फवाद 'अबीर गुलाल' के जरिए बॉलीवुड में 9 साल बाद वापसी कर रहे हैं। इस फिल्म में फवाद के साथ वाणी कपूर भी नजर आने वाली हैं।
टीजर रिलीज के बाद जहां फवाद के प्रशंसकों ने खुशी जाहिर की है, वहीं राज ठाकरे की महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना(MNS) इस फिल्म का बहिष्कार कर रही है।
मनसे ने ऐलान कर दिया है कि पाकिस्तानी अभिनेता फवाद की ये फिल्म किसी भी सूरत में महाराष्ट्र में रिलीज नहीं होगी।
बयान
क्या बोलीं पाकिस्तानी अभिनेत्री मावरा हुसैन?
उधर फवाद और पाकिस्तानी कलाकारों की बॉलीवुड में वापसी पर चल रहे विवाद पर पाकिस्तानी अभिनेत्री मावरा हुसैन बोलीं, "दरअसल, हकीकत में यह निर्माता का सिरदर्द है। दुखद है, लेकिन यह उनकी समस्या है। अगर मैं अपना दिमाग इन सब चीजों में लगाऊंगी कि क्या होने वाला है तो मैं यही सोचती रह जाऊंगी। मुझे उम्मीद है कि यह फिल्म अच्छा प्रदशन करेगी।"
बता दें कि फवाद आखिरी बार 2016 में हिंदी फिल्म 'ऐ दिल है मुश्किल' में दिखे थे।