गोविंदा के रिश्तों पर पत्नी सुनीता आहूजा बोलीं- कोई भी हीरो दूध का धुला नहीं होगा
क्या है खबर?
गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अपनी बेबाकी के लिए मशहूर हैं। हाल ही में उन्होंने अपनी शादी और फिल्म इंडस्ट्री में अभिनेताओं के विवाहेतर संबंध (बेवफाई) को लेकर खुलकर बात की है। सुनीता ने हालिया इंटरव्यू में कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में शायद ही कोई ऐसा एक्टर होगा, जिसका कोई अफेयर न रहा हो। गोविंदा के पुराने अफेयर्स के दावों पर बात करते हुए उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बॉलीवुड का कोई भी हीरो 'दूध का धुला' नहीं है।
दो टूक
इंडस्ट्री में कोई हीरो दूध का धुला नहीं होगा- सुनीता
'लॉक अप 2' से बाहर आने के बाद 'द फ्री प्रेस जर्नल' से सुनीता ने शादी में बेवफाई पर खुलकर बात की। उन्होंने एक अभिनेता की पत्नी होने का अपना अनुभव साझा किया। सुनीता बोलीं, "भरोसा बहुत बड़ी चीज है। मुझे नहीं लगता कि फिल्म इंडस्ट्री का कोई भी हीरो दूध का धुला होगा। हमसे ज्यादा तो वो लोग हीरोइनों के साथ समय बिताते हैं तो ये आपके प्यार पर निर्भर है कि आप इस बात को कैसे लेते हैं।"
सुझाव
"एक्टर की पत्नी बनने के लिए दिल पत्थर का करना पड़ता है"
सुनीता ने कहा, "एक एक्टर की पत्नी बनने के लिए दिल पत्थर का करना पड़ता है। मैंने 15 की उम्र में गोविंदा से प्यार किया था। आज 56 की उम्र में भी उतना ही प्यार करती हूं। मैंने उन्हें कई बार माफ किया है और कभी मुझसे भी कोई गलती हुई होगी। गोविंदा हमेशा कहते हैं कि 'ये मेरी बीवी नहीं, बच्ची है।' असल में अगर प्यार दिल से हो तो इंसान सब कुछ माफ करके आगे बढ़ जाता है।"
रिश्ता
15 की उम्र में मुलाकात और 38 साल का साथ
सुनीता की गोविंदा से पहली मुलाकात तब हुई थी, जब वो महज 15 साल की थीं। इसके बाद साल 1987 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए, तब सुनीता की उम्र 18 साल थी। आज दोनों की शादी को 38 साल से ज्यादा का समय हो चुका है। शादी के बाद साल 1988 में उनके घर बेटी टीना आहूजा का जन्म हुआ। इसके बाद दोनों बेटे यशवर्धन के माता-पिता बने, जो बॉलीवुड में डेब्यू करने जा रहे हैं।
फिल्म
यश की पहली फिल्म में उनकी मां बनेंगी सुनीता
ANI को दिए एक इंटरव्यू में सुनीता ने पुष्टि की है कि वो यश की डेब्यू फिल्म का हिस्सा हैं। उन्होंने खुलासा किया कि फिल्म में वो यश की मां की भूमिका में नजर आएंगी। इसे अपने परिवार के लिए एक बेहद खास पल बताते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी सिनेमा में ये उन दुर्लभ मौकों में से एक हो सकता है, जहां एक असली मां-बेटे की जोड़ी को पर्दे पर एक साथ लॉन्च किया जा रहा है।