Page Loader
'रामायण' के लक्ष्मण सुनील लहरी बोले- राम लला को टेंट में देखकर बहुत दुख हुआ था
सुनील लहरी ने राम मंदिर पर जाहिर की अपनी भावनाएं (तस्वीर: इंस्टाग्राम/@sunil_lahri

'रामायण' के लक्ष्मण सुनील लहरी बोले- राम लला को टेंट में देखकर बहुत दुख हुआ था

Jan 20, 2024
01:19 pm

क्या है खबर?

अयोध्या में राम मंदिर में होने वाले प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर देशभर की नजर है। 22 जनवरी को राम मंदिर में राम लला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होगी। एक तरफ इस समारोह को लेकर राजनीति गरमाई हुई है, दूसरी तरफ लोग रामभक्ति में डूबे हुए हैं। अब टीवी शो 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने इस पर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने बताया कि टेंट में राम लला को देखकर बेहद दुख हुआ था।

दुख

30 साल पहले अयोध्या आए थे सुनील

समारोह के लिए सुनील इन दिनों अयोध्या पहुंचे हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह करीब 30 साल पहले अयोध्या आए थे। तब उन्हें राम लला को टेंट में देखकर बहुत दुख हुआ था। उन्होंने कहा, "मैंने खुद से कहा इस जगह को देखो, यहां भगवान राम का जन्म हुआ था और उन्हें इस जगह पर कैसे रखा गया है। वह बहुत बुरा था। मुझे लगता है कि समय के साथ सही दिशा में न्याय मिला है।

प्राण प्रतिष्ठा 

यह भारत का ऐतिहासिक दिन- सुनील

सुनील ने प्राण प्रतिष्ठा समारोह को 500 सालों के संघर्ष की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा, "इसमें काफी मेहनत लगी है, कई बलिदान हुए हैं। मुझे लगता है कि यह भारत के लिए ऐतिहासिक दिन होगा।" समारोह पर नकारात्मक बातें करने वालों के लिए सुनील ने कहा कि उन्हें सनातम धर्म के बारे में नहीं पता है। सनातम धर्म का हृदय विशाल है और वह हर नकारात्मकता को अपने भीतर समा सकता है।

लक्ष्मण

राम और लक्ष्मण के विपरीत चरित्र पर की बात

उन्होंने लक्ष्मण के चरित्र पर बात की। उन्होंने कहा, "लक्ष्मण हमेशा भगवान राम की परछाईं बनकर रहे। जहां राम बिल्कुल शांत और विनम्र थे, लक्ष्मण उनके बिल्कुल उलट थे। ये दोनों मानव स्वभाव के 2 रूप हैं। आपको कई बार राम बनना होगा तो कई बार लक्ष्मण बनने की जरूरत होगी।" कुछ दिन पहले भी सुनील ने अपने बयान में कहा था इसके आलोचक अज्ञानी हैं। उन्हें राम का चरित्र नहीं पता है।

कंगना रनौत 

राम लला की मूर्ति देखकर भावुक हुईं कंगना रनौत 

शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा के लिए राम लला की मूर्ति को मंदिर के गर्भगृह में पहुंचा दिया गया है। मूर्ति की पहली तस्वीर भी सामने आई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। कंगना रनौत ने यह तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "मैंने हमेशा राम लला की ऐसी ही कल्पना की थी। इस मूर्ति के साथ मेरी कल्पना साकार हो गई।" इसके साथ उन्होंने मूर्तिकार अरुण योगीराज की जमकर तारीफ की।