शादी के 24 साल बाद सोहेल खान और सीमा ने दाखिल की तलाक की अर्जी

सोहेल खान बॉलीवुड के चर्चित अभिनेता और प्रोड्यूसर हैं। ये अलग बात है कि उनकी पहचान सलमान खान के भाई के रूप में बनी हुई है। बता दें कि वह सलमान के छोटे भाई हैं। खबरों की मानें तो शादी के 24 साल बाद सोहेल और उनकी पत्नी सीमा खान ने अलग होने का फैसला किया है। उन्होंने शुक्रवार को एक फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी दी है। इन दोनों को एक कोर्ट के बाहर देखा गया था।
इंडिया टुडे के मुताबिक, सोहेल और उनकी पत्नी सीमा ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दे दी है। ये दोनों काफी समय से अलग रह रहे थे और उनके बीच रिश्तों में खटास बनी हुई थी। सूत्र ने बताया, "अंतिम समय में निर्णय लिया गया और किसी को इसके बारे में सूचित नहीं किया गया। दोनों ने अपने निर्णय को निजी रखने और तलाक के लिए कदम बढ़ाने का फैसला किया। वे पिछले कुछ सालों से अलग रह रहे हैं।"
कपल से जुड़े एक करीबी दोस्त ने आजतक को बताया कि दोनों के बीच कोई विवाद नहीं है। उन्होंने सहमति से अलग होने का रास्ता चुना है। ऐसा कहा जा रहा है कि तलाक के बाद भी दोनों में दोस्ती बरकरार रहेगी। उम्मीद है कि जज जल्द ही उनके तलाक के वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर लेंगे। भले ही यह कपल सहमति से अलग हो रहा है, लेकिन उनसे फैंस के लिए यह चौंकाने वाली घटना है।
सीमा का असली नाम सीमा सचदेव है और वह फैशन डिजाइनर हैं। खबरों की मानें तो उन्होंने अपना एक सैलून भी खोल रखा है, जिसका नाम Kallista है। सुजैन खान और महीप कूपर के साथ मिलकर उन्होंने मुंबई में 190 लग्जीरियस बूटीक खोले थे।
नेटफ्लिक्स के शो 'द फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स' में सीमा ने बताया था कि वह और सोहेल अलग रह रहे हैं। उन्होंने कहा था, "कभी-कभी जब आप बड़े होते हैं, तो आपके रिश्ते तितर-बितर हो जाते हैं। मैं इसको लेकर कोई माफी नहीं मांगती हूं, क्योंकि हम खुश हैं और मेरे बच्चे खुश हैं। सोहेल और मैं पारंपरिक शादी के रिश्ते में नहीं हैं, लेकिन हम एक परिवार हैं। हम एक इकाई हैं।"
सोहेल और सीमा ने 1998 में शादी रचाई थी। सोहेल की सीमा से पहली मुलाकात फिल्म 'प्यार किया तो डरना क्या' के सेट पर हुई थी। इसके बाद दोनों का प्यार परवान चढ़ा। इस कपल के दो बेटे हैं, जिनका नाम योहान और निर्वाण है। 2017 में दोनों के रिश्तों में दरार आने की खबरें आई थीं। बता दें, सोहेल और सीमा अपने बच्चे के को-पैरेंट्स बने रहेंगे। अपने बच्चों की बेहतर परवरिश के लिए उन्होंने यह फैसला लिया।
सोहेल से पहले उनके बड़े भाई अरबाज खान का शादीशुदा रिश्ता भी टूट चुका है। अरबाज और उनकी पत्नी मलाइका अरोड़ा 2017 में एक-दूसरे से अलग हुए थे। उन्होंने अपने 19 साल पुराने रिश्ते को खत्म कर दिया था। अरबाज ने एक इंटरव्यू में कहा था, "मैंने अपने रिश्ते को 19 साल तक बचाने की कोशिश की, लेकिन मैं सफल नहीं हो पाया।" 1998 में दोनों ने शादी की थी और उनका भी एक बेटा अरहान है।