लाखों दिलों पर राज करने वाली 'बॉर्न दिस वे' की क्रिस्टीना सैंज का हुआ निधन, 36 की उम्र ली आखिरी सांस
A&E के एमी अवॉर्ड्स विजेता शो 'बॉर्न दिस वे' में अपनी अदाओं से सबका दिल जीतने वाली क्रिस्टीना सैंज का 36 साल की उम्र में अचानक दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।
उनके माता-पिता ने इंस्टाग्राम पर यह दुखद खबर साझा करते हुए बताया कि क्रिस्टीना को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं पाए।
परिवार और A&E ने सैंज को किया याद
उनके माता-पिता ने क्रिस्टीना के निधन को 'गहरा सदमा' बताया, लेकिन यह भी कहा कि वे अपने आखिरी पलों में उसके साथ रह पाए, इसके लिए वे आभारी हैं। क्रिस्टीना की जिंदगी का सफर, शो में हुई उनकी शादी, डाउन सिंड्रोम के साथ जीने की उनकी बेबाकी और उनकी सकारात्मक सोच ने कई लोगों को प्रेरित किया।
A&E चैनल ने भी क्रिस्टीना को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उन्हें उनके निधन से बहुत दुख हुआ है। उन्होंने आगे कहा कि 'बॉर्न दिस वे' में क्रिस्टीना के काम और उनकी मौजूदगी ने लाखों लोगों के दिलों को छुआ था।
चैनल ने क्रिस्टीना के परिवार और उन सभी के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं, जिन्हें उनके साथ काम करने या उन्हें जानने का सौभाग्य मिला।