गायक मिलिंद गाबा ने गर्लफ्रेंड प्रिया बेनीवाल संग रचाई शादी, देखिए तस्वीरें

लगता है जैसे बॉलीवुड में शादियों का सीजन चल रहा है। कुछ दिन पहले ही रणबीर कपूर और आलिया भट्ट शादी के बंधन में बंधे हैं। अब मशहूर गायक मिलिंद गाबा ने अपनी गर्लफ्रेंड प्रिया बेनीवाल के साथ शादी रचा ली है। इन दोनों की शादी की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं। मिलिंद को दुल्हा के अवतार में देखकर उनके फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं है।
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, मिलिंद और उनकी गर्लफ्रेंड प्रिया की शादी दिल्ली में संपन्न हुई है। इन दोनों की शादी शनिवार को हुई, जिसमें कई हस्तियों ने शिरकत की है। भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह और 'बिग बॉस 14' फेम शेफाली बग्गा कपल की शादी में मेहमान बनकर पहुंचे। उनकी शादी के फंक्शन में सपना चौधरी, गुरु रंधावा, मीका सिंह, भूषण कुमार, सुरेश रैना, प्रिंस नरूला और सुयश राय जैसे सेलेब्स ने हिस्सा लिया।
मिलिंद ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर शादी की तस्वीरें शेयर की हैं। पहली तस्वीर में वह अपनी नई-नवेली दुल्हनिया प्रिया के माथे को चूमते हुए नजर आए। वहीं, दूसरी तस्वीर में इस कपल को गले मिलते हुए देखा गया। मिलिंद जहां शेरवानी में सपनों का राजकुमार लग रग रहे हैं, वहीं लाल रंग के लहंगे में प्रिया भी खूब जंच रही हैं। इन दोनों की जोड़ी परफेक्ट लग रही है।
#milindgaba ties the knot with bae #priabeniwal
— Circle Of Bollywood (@CircleBollywood) April 18, 2022
Best wishes to the lovely couple ❤️#Punjabi #bollywood #Tellywood #tellychakkar #shaadi #celebs #MondayMotivaton #love #wedding pic.twitter.com/MeIsaCBxjC
कुछ दिन पहले ही इस कपल ने धूमधाम से अपनी सगाई की थी। इसमें उनके परिवार के लोग और दोस्त शामिल हुए थे। शादी को लेकर मिलिंद ने एक इंटरव्यू में कहा, "मैं थोड़ा नर्वस हूं, लेकिन ये एक्साइटिंग अनुभव है। ये एडवेंचरस भी है। यह जीवन का एक नया अध्याय है।" मिलिंद और प्रिया दोनों चार सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। अब आखिरकार उनके प्यार को रिश्ते का नाम मिल गया है।
मिलिंद ने हिंदी सिनेमा में कई गानों को अपनी आवाज दी है। मिलिंद को उनके गाने 'जिंदगी दी पौड़ी', 'तेरी यारी' और 'यार मोड़ दो' के लिए जाना जाता है। इसके अलावा उन्होंने 'नजर लग जाएगी', 'सी डोंट नो', 'मैं तेरी हो गई', 'पीले पीले', 'ब्यूटीफुल' और 'नाचूंगा ऐसे' जैसे गानों से दर्शकों का दिल जीता है। उनकी पत्नी प्रिया की बात करें तो वह एक फैशन ब्लॉगर हैं। वह मशहूर यूट्यूबर हर्ष बेनीवाल की बड़ी बहन हैं।
मिलिंद 'बिग बॉस OTT' के पहले सीजन में पिछले साल नजर आए थे। इस शो में आने के बाद उनकी लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा हुआ था। ये अलग बात है कि वह अधिक समय तक शो में नहीं टिक पाए।