'जवान'-'पठान' से महंगी नहीं 'किंग', सिद्धार्थ आनंद बोले- बजट पर नहीं; फिल्म पर ध्यान दें
मशहूर निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने शाहरुख खान की आगामी फिल्म 'किंग' के बजट को लेकर चल रही सभी अटकलों पर पूरी तरह विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि फिल्म का बजट सोशल मीडिया और खबरों में बताया जा रहा 450 करोड़ रुपये बिल्कुल नहीं है। पिछले कुछ समय से ऐसी चर्चाएं गर्म थी कि फिल्म 'जवान' और 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों से भी ज्यादा महंगी होने वाली है, लेकिन सिद्धार्थ आनंद ने इन दावों को सिर्फ अफवाह करार दिया और कहा कि बजट के आंकड़ों को बहुत ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। उनका मानना है कि अब सभी का ध्यान फिजूल की बजट चर्चाओं को छोड़कर एक बेहतरीन फिल्म बनाने और उसके कंटेंट पर होना चाहिए।
'किंग' में नजर आएंगे ये कलाकार
खबरों के मुताबिक, शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' हॉलीवुड की मशहूर फिल्म 'लियोन: द प्रोफेशनल' का हिंदी रीमेक है। इस फिल्म के शानदार विजुअल इफेक्ट्स (VFX) शाहरुख की अपनी कंपनी 'रेड चिलीज एंटरटेनमेंट' ही तैयार कर रही है। फिल्म में दीपिका पादुकोण, रानी मुखर्जी और जयदीप अहलावत जैसे बड़े सितारे नजर आएंगे, जबकि शाहरुख की बेटी सुहाना खान इस फिल्म से बड़े पर्दे पर अपना डेब्यू करने जा रही हैं। फिल्म के बेहतरीन एक्शन सीन्स की शूटिंग विदेशों में चल रही है और ये फिल्म दिसंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।