श्रेया घोषाल नकली गायकी पर भड़कीं, बोलीं- ये आलस की हद, दर्शकों को बेवकूफ मत बनाओ
क्या है खबर?
अक्सर दर्शक सोशल मीडिया पर उन गायकों की आलोचना करते रहे हैं, जो लाइव कॉन्सर्ट के भारी-भरकम पैसे लेकर भी स्टेज पर असली गायकी के बजाय 'लिप-सिंकिंग' (रिकॉर्डेड गाने पर केवल होंठ हिलाना) का सहारा लेते हैं। अब इस मुद्दे पर अपनी जादुई आवाज के लिए मशहूर दिग्गज गायिका श्रेया घोषाल ने भी चुप्पी तोड़ी है। अपनी सुरीली आवाज के लिए मशहूर श्रेया ने स्टेज पर 'लिप-सिंकिंग' करने की इस प्रथा को आलस भरा काम करार दिया है।
दाे टूक
"ये सिर्फ आलस है, आपने मेहनत नहीं की"
श्रेया ने राज शमानी के पॉडकास्ट में कहा, "ये सिर्फ एक आलस भरा काम है। आपने मेहनत नहीं की। मेरी व्यक्तिगत राय में ये गायन का सही तरीका नहीं है।" उन्होंने बताया, "कुछ गायक स्टेज पर जैसे-तैसे परफॉर्म कर देते हैं, बिना किसी तय मापदंड या सुरों की शुद्धता का ध्यान रखे। लाइव शो में अपनी परफॉर्मेंस के स्तर को बरकरार न रखना भी दर्शकों के साथ नाइंसाफी है। आप दर्शकों को धोखा दे रहे हैं।"
बदलाव
श्रेया ने तकनीक के युग में संगीत के मानकों पर जताई चिंता
श्रेया कहती हैं कि अगर उनकी कोई गायकी खराब हुई है तो उसे सार्वजनिक रूप से बजते देख उन्हें शर्मिंदगी महसूस होती है। उनका मानना है कि जो गाना वो खुद नहीं सुन सकतीं, वो जनता को कैसे सुना सकती हैं। श्रेया मानती हैं कि भले ही आजकल दर्शकों को तकनीक (जैसे ऑटो-ट्यून) वाली चीजें पसंद आ रही हों, लेकिन एक सच्चे कलाकार को भीड़ के पीछे नहीं भागना चाहिए। उसे अपने संगीत के ऊंचे मानकों को बनाए रखना चाहिए।
आलोचना
एपी ढिल्लों को भी होंठ हिलाना पड़ा था भारी
श्रेया की इस बयानबाजी के बाद संगीत जगत में 'असली गायकी' बनाम 'दिखावे' की बहस तेज हो गई है। हाल ही में जब मशहूर पंजाबी गायक एपी ढिल्लों 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में पहुंचे थे तो वो अपने सुपरहिट गाने 'विद यू' पर लिप-सिंकिंग करते दिखे थे। शो के दौरान जैसे ही साफ हुआ कि AP ढिल्लों लाइव गाने के बजाय पहले से रिकॉर्डेड ट्रैक पर सिर्फ होंठ हिला रहे हैं, सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई।