FIFA वर्ल्ड कप में होगा धमाका, शकीरा के साथ मैडोना और BTS के आने से बढ़ी उत्सुकता
शकीरा का बर्न बॉय के साथ आया नया गाना 'दाइ दाइ' कुछ ही हफ्तों में 100 मिलियन व्यूज का आंकड़ा पार कर चुका है।
यह गाना 11 जून को मेक्सिको सिटी में होने वाले 2026 फीफा वर्ल्ड कप की ओपनिंग सेरेमनी में गाया जाएगा। यह सेरेमनी मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले मैच से ठीक पहले आयोजित होगी।
इस गाने के साथ शकीरा पहली ऐसी कलाकार बन गई हैं, जिन्होंने 4 अलग-अलग वर्ल्ड कप में आधिकारिक भूमिका निभाई है।
शकीरा पहली बार होने वाले हाफटाइम शो में होंगी सह-मुख्य कलाकार
शकीरा ने वर्ल्ड कप का अपना सफर 2006 में 'हिप्स डोंट लाई' गाने से शुरू किया था। इसके बाद 2010 में उनका 'वाका वाका' गाना आया, जिसे अब तक 4.5 अरब से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
फिर 2014 में उन्होंने 'ला ला ला' दिया, जिसके 1.3 अरब व्यूज हैं। 49 साल की उम्र में अब शकीरा 'दाइ दाइ' के जरिए एकता को बढ़ावा दे रही हैं और फीफा के कैंपेन के तहत वैश्विक शिक्षा के लिए धन जुटा रही हैं।
वह 19 जुलाई को होने वाले टूर्नामेंट के पहले हाफटाइम शो में मैडोना और BTS के साथ मंच साझा करेंगी।