'किंग' के बाद शाहरुख खान फिर निभाएंगे रोमांटिक किरदार? ये अपडेट कर देगा खुश
क्या है खबर?
फिल्मों में अपनी रोमांटिक छवि के लिए मशहूर शाहरुख खान का बॉलीवुड में कमबैक बिल्कुल अलग रहा। साल 2023 में उन्होंने 'पठान' और 'जवान' जैसी एक्शन-थ्रिलर फिल्मों के जरिए सिल्वर स्क्रीन पर वापसी की और दर्शकों को अपना अलग रूप दिखाया। उनकी आगामी फिल्म 'किंग' भी इसी शैली पर आधारित है, जिसमें वह उच्च स्तर पर एक्शन दृश्य करते दिखेंगे। हालांकि, ताजा खबर है कि 'किंग ऑफ रोमांस' कहे जाने वाले शाहरुख अपनी इस शैली में दोबारा लौट सकते हैं।
किरदार
रोमांटिक किरदार में लौटना चाहते हैं शाहरुख खान
पिंकविला के मुताबिक, सूत्रों ने पुष्टि की है कि शाहरुख से एक बड़े बजट की रोमांटिक ड्रामा फिल्म के लिए संपर्क किया गया है। अप्रत्याशित रूप से सामने आई इस स्क्रिप्ट से अभिनेता प्रभावित हैं। बताया जाता है कि शाहरुख अपनी रोमांटिक शैली में लौटने के इच्छुक हैं। इसपर बात करते हुए एक सूत्र ने बताया, "यह उनकी पुरानी भूमिकाओं की नकल नहीं है। यह एक प्रेम-कथा है, जो उनकी उम्र के अनुरूप है, जिसमें भावनाएं और भरपूर ड्रामा होगा।"
फैसला
इस कारण शाहरुख खान ने लिया फैसला
सूत्र ने आगे बताया, "लगातार एक्शन फिल्में देने के बाद, शाहरुख कुछ समय तक शारीरिक और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं से दूर रहना चाहते हैं। यह फैसला उन्होंने डॉक्टरों की सलाह और पिछले कुछ साल में लगी चोटों के बाद लिया है। इसलिए यह रोमांटिक ड्रामा फिल्म उनके लिए बिल्कुल सही समय पर आई है।" उन्होंने बताया कि अभिनेता फिल्म की शूटिंग जनवरी या फरवरी, 2027 से शुरू करेंगे। बता दें, शाहरुख की फिल्म 'किंग' दिसंबर, 2026 में रिलीज होगी।