Loading...
शाहरुख ने बताया क्यों जरूरी है अपना आशियाना, बोले- मन्नत भी मेरी औकात से बाहर था
शाहरुख खान ने बताया थक-हारकर लौटने के लिए क्यों जरूरी है अपना घर

शाहरुख ने बताया क्यों जरूरी है अपना आशियाना, बोले- मन्नत भी मेरी औकात से बाहर था

Nov 12, 2026
01:43 pm

क्या है खबर?

निर्माता करण जौहर ने दुबई में 'शाहरुख रेजिडेंस बाय डेन्यूब' के लिए एक खास इवेंट होस्ट किया, जहां शाहरुख खान अपने अंदाज में नजर आए। इस दौरान उन्होंने अपनी आगामी फिल्म 'किंग' के एक गाने पर शानदार डांस भी किया। इवेंट में खुद के घर की अहमियत पर बात करते हुए किंग खान काफी भावुक हो गए और उन्होंने खुलासा किया कि एक समय ऐसा भी था, जब मुंबई का उनका आशियाना 'मन्नत' खरीदना भी उनकी हैसियत से बाहर था।

दिल की बात

"दुनिया में किसी भी चीज से ज्यादा मुझे अपना घर पसंद"

इस इवेंट में शाहरुख की पत्नी और मशहूर इंटीरियर डिजाइनर गौरी खान भी मौजूद थीं। शाहरुख ने बताया कि कम उम्र में माता-पिता को खोने के बाद उनके पास अपना कोई घर नहीं था। इसी वजह से अपना घर बनाना उनका सबसे बड़ा सपना बन गया।

उन्होंने कहा, "बेशक मैं अपने परिवार और काम से प्यार करता हूं, लेकिन दुनिया में किसी भी चीज से ज्यादा मुझे अपना घर होना पसंद है, इसलिए मेरे बच्चे मेरा मजाक भी उड़ाते हैं।"

खुलासा

"गौरी से शादी होने तक मेरे पास अपना कोई घर नहीं था"

शाहरुख बोले, "जब भी हम किसी नए शहर से गुजरते हैं और मुझे वो जगह पसंद आती है तो मैं उनसे कहता हूं कि हमें यहां एक घर खरीदना चाहिए। वो ये कहकर मेरा मजाक उड़ाते हैं कि हर शहर में घर नहीं खरीदा जा सकता, लेकिन मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं। गौरी से शादी होने तक मेरे पास अपना कोई घर नहीं था।" शाहरुख ने घर खरीदने का सपना देखने वाले लोगों को कुछ खास सलाह भी दी।

ADVERTISEMENT

घर

पहला घर और मन्नत दोनों हमारी हैसियत से बाहर थे- शाहरुख

शाहरुख ने कहा, "जिंदगी में अच्छे-बुरे और बेहद निराशाजनक हर तरह के दिन आते हैं। जब आप थक-हारकर लौटते हैं तो आपको अपने ही घर की जरूरत होती है, क्योंकि वहीं आपको नई ऊर्जा मिलती है और आप दुनिया की कड़वी सच्चाइयों का सामना करने के लिए फिर से तैयार होते हैं। गौरी और मैंने जो पहला घर खरीदा था, वो हमारी हैसियत से बाहर था और बाद में 'मन्नत' जो हमने खरीदा, वो भी हमारी पहुंच से बाहर था।"

ADVERTISEMENT

ट्विटर पोस्ट

शाहरुख खान ने जमाया रंग

दिली तमन्ना

"सपनों के घर के लिए दुआ करें तो ऊपरवाला जरूर सुनता है"

शाहरुख ने बातचीत में आगे कहा, "लेकिन मैं सभी से कहना चाहता हूं कि जब आप अपने सपनों का घर खरीदना चाहते हैं तो अल्लाह आपकी मदद करता है। भगवान आपकी मदद करते हैं। अगर आप घर के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हैं तो आपको अपनी जिंदगी का सबसे खूबसूरत घर मिलेगा, क्योंकि ऊपरवाला आपको हमेशा आपके सपनों का घर देता है। बस खुद पर और ईश्वर पर भरोसा रखें।"

आशियाना

शाहरुख ने कब खरीदा था मन्नत?

शाहरुख ने अपनी 'रईस' और 'ओम शांति ओम' जैसी फिल्मों के कुछ मशहूर डायलॉग भी सुनाए। इसके बाद उन्होंने स्टेज पर अपनी आने वाली फिल्म 'किंग' के गाने 'तू मिल जाए' पर शानदार डांस किया।

शाहरुख ने साल 2001 में मुंबई के बांद्रा में समुद्र किनारे बने अपने बंगले 'मन्नत' को खरीदा था। फिलहाल इस घर में मरम्मत और बदलाव का काम चल रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक,दिसंबर 2026 के बाद शाहरुख का परिवार फिर से मन्नत में रहने लगेगा।

ADVERTISEMENT