शाहरुख की 'किंग' ने रिलीज से पहले ही रचा इतिहास, भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी डील
क्या है खबर?
दक्षिण भारतीय सिनेमा के देशभर में बढ़ते दबदबे के बावजूद विदेशों में शाहरुख खान का राज बरकरार है। उनकी आगामी फिल्म 'किंग' के ओवरसीज थिएट्रिकल राइट्स रिकॉर्ड 175 करोड़ रुपये में बिके हैं, जो भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी डील है। हालांकि, इस भारी रकम की लागत वसूलने और मुनाफा कमाने के लिए 'किंग' को अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर अपनी ही ब्लॉकबस्टर फिल्मों 'पठान' और 'जवान' के कमाई के रिकॉर्ड को तोड़ना होगा।
रिकॉर्ड
175 करोड़ की मिनिमम गारंटी के साथ बनाया रिकॉर्ड
फार्स फिल्म्स ने 'किंग' के विदेशी राइट्स 175 करोड़ रुपये की मिनिमम गारंटी पर खरीदे हैं। ये रकम भारतीय सिनेमा में विदेशी राइट्स के लिए अब तक की सबसे बड़ी रकम है।
मिनिमम गारंटी डिस्ट्रीब्यूटर द्वारा निर्माताओं को दी जाने वाली वो पक्की रकम है, जो फिल्म के फ्लॉप होने पर भी वापस नहीं होती यानी रिलीज से पहले ही 'किंग' की 175 करोड़ की कमाई पक्की हो चुकी है।
मुकाबला
मुनाफा कमाने के लिए तोड़ना होगा 'पठान' और 'जवान' का रिकॉर्ड
शाहरुख खान की 'पठान' और 'जवान' ने विदेशों में 400-400 करोड़ रुपये छापे थे। अब उनकी नई फिल्म 'किंग' के विदेशी अधिकार 175 करोड़ रुपये में बिके हैं।
अब जिसने इतने पैसे लगाए हैं, उसे अपना मुनाफा निकालने के लिए 'किंग' से विदेशों में कम से कम 400 करोड़ रुपये कमाने ही होंगे।
सीधे शब्दों में कहें तो 'किंग' को हिट होने के लिए शाहरुख की अपनी ही पुरानी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ना पड़ेगा।