
एल्विश यादव को सांप के जहर मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, गिरफ्तारी पर रोक
क्या है खबर?
यूट्यूबर और 'बिग बॉस OTT 2' के विजेता एल्विश यादव को सांप के जहर के मामले में बड़ी राहत मिली है। उन्होंने इस मामले में चार्जशीट की मांग की थी। अब सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया है और निचली अदालत की कार्यवाही पर रोक लगा दी है। अभी उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी। एल्विश पर एक रेव पार्टी में शामिल होने का आरोप लगाया गया था, जिसमें सांप का जहर सप्लाई किया गया था।
रोक
आपराधिक कार्यवाही पर रोक, उत्तर प्रदेश सरकार से मांगा जवाब
एल्विश के खिलाफ निचली अदालत में चल रही कार्यवाही पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी है। इस मामले में कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार और शिकायतकर्ता को नोटिस जारी किया है। याचिका में सांप के जहर के मामले में आरोपपत्र और आपराधिक कार्यवाही को चुनौती दी गई है। ये मामला नवंबर, 2024 नवंबर का है, जब नोएडा पुलिस ने एल्विश समेत उनके कुछ साथियों पर रेव पार्टी में सांप के जहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।
खारिज
एल्विश को इलाहाबाद हाई कोर्ट से लगा था झटका
एल्विश ने अपनी याचिका में आरोप पत्र और आपराधिक कार्यवाही को चुनौती दी थी। इससे पहले एल्विश को इलाहाबाद हाई कोर्ट से झटका लगा था। हाई कोर्ट ने रेव पार्टी में सांपों का प्रदर्शन करने और इसके वीडियो बनाने को लेकर दर्ज FIR की चार्जशीट को चुनौती देने वाली उनकी याचिका को खारिज कर दिया था। फिर गाजियाबाद के CGM कोर्ट ने एल्विश के खिलाफ समन जारी किया था।
मामला
एल्विश के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज
एल्विश के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर, नोएडा के थाना सेक्टर-49 में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। आरोप है कि उन्होंने रेव पार्टी में सांपों का प्रदर्शन किया और इसके माध्यम से वीडियो बनाने के लिए सांपों और सांप के जहर का दुरुपयोग किया। आरोपपत्र में यह भी कहा गया है कि उन्होंने विदेशी नागरिकों को रेव पार्टियों में बुलाया और उन्हें सांप के जहर और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कराया।
मामला
पहली बार कब सामने आया था मामला?
सांपों की जहर और ड्रग्स की तस्करी का मामला पहली बार साल 2023 में सामने आया था, जब अक्टूबर में मेनका गांधी के NGO 'पीपल्स फॉर एनिमल्स' ने एल्विश के खिलाफ पुलिस में FIR दर्ज करवाई। इसमें कहा गया कि एल्विश जिंदा सांपों के साथ NCR के एक फार्महाउस में वीडियो शूट करवाते हैं। रेव पार्टियां आयोजित करते हैं, जिनमें गैरकानूनी तरीके से सांपों के जहर का इस्तेमाल किया जाता है।