Page Loader
नई भूमिका के लिए तैयार सारा, भारत छोड़ो आंदोलन पर बन रही फिल्म में दिखेंगी
सारा अली खान के हाथ लगी नई फिल्म

नई भूमिका के लिए तैयार सारा, भारत छोड़ो आंदोलन पर बन रही फिल्म में दिखेंगी

Apr 26, 2022
12:10 pm

क्या है खबर?

सारा अली खान आए दिन किसी ना किसी वजह से सुर्खियों में रहती हैं। पिछली बार वह फिल्म 'अतरंगी रे' में नजर आई थीं और इसमें उनके काम की खासी तारीफ हुई थी। सारा के अंदाज और अभिनय पर प्रशंसकों ने जमकर प्यार लुटाया था। यही वजह है कि उनकी आने वाली हर फिल्म पर फैंस अपनी नजर बनाए हुए हैं। अब एक और दमदार कहानी से लबरेज फिल्म सारा के हाथ लग गई है। आइए जानते हैं पूरी खबर।

रिपोर्ट

अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी फिल्म

पिंकविला के मुताबिक, सारा की अगली फिल्म आजादी के समय पर आधारित होगी। इसकी कहानी भारत छोड़ो आंदोलन से प्रेरित होगी। फिल्म में सारा का किरदार बेहद दिलचस्प और अलग किस्म का होगा, जो दर्शकों को पसंद आएगा। इस फिल्म का निर्देशन 'एक थी डायन' फेम निर्देशक कनन अय्यर करेंगे। देशभक्ति पर आधारित यह फिल्म सीधे अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। इस फिल्म के निर्माता करण जौहर हैं। इसके मुख्य भाग को शूट भी कर लिया गया है।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

सारा की करण के साथ काफी अच्छी बॉन्डिंग है। इससे पहले उन्हें धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्म 'सिम्बा' में देखा गया था, जो 2018 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के निर्देशक रोहित शेट्टी थे और करण व रोहित ने इसके प्रोडक्शन का काम संभाला था।

आंदोलन

क्या था भारत छोड़ो आंदोलन?

भारत छोड़ो आंदोलन की शुरुआत द्वितीय विश्वयुद्ध के समय 8 अगस्त, 1942 को हुई थी, जिसका मकसद भारत मां को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराना था। ये आंदोलन महात्मा गांधी ने चलाया था। इस मौके पर गांधी ने देश को 'करो या मरो' का नारा दिया था। आंदोलन में गांधी और उनके समर्थकों ने स्पष्ट कर दिया था कि वे युद्ध के प्रयासों को समर्थन तब तक नहीं देंगे, जब तक कि भारत को आजादी ना दे दी जाए।

आगाज

सारा ने बॉलीवुड में की थी अच्छी शुरुआत

सारा ने 2018 में आई फिल्म 'केदारनाथ' से बॉलीवुड में कदम रखा। फिल्म में सारा को उनके अभिनय के लिए फिल्मफेयर के बेस्ट फीमेल डेब्यू अवार्ड से भी सम्मानित किया गया। अपनी पहली ही फिल्म से सारा ने बॉलीवुड में अपनी पहचान बना ली। इसके बाद वह फिल्म 'सिम्बा' में नजर आईं। उनकी यह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर सफल रही, लेकिन सारा की दो फिल्में 'लव आज कल' और 'कुली नंबर 1' बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रहीं।

आगामी फिल्में

ये हैं सारा की आने वालीं दूसरी फिल्में

सारा इन दिनों लक्ष्मण उतेकर की फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं। इसमें उन्हें विक्की कौशल के साथ देखा जाएगा। इसके अलावा सारा के पास फिल्म 'गैसलाइट' है, जिसमें उन्हें विक्रांत मैसी के साथ देखा जाएगा। इस फिल्म की शूटिंग गुजरात में जारी है। सारा जल्द ही आदित्य धर के निर्देशन में बन रही फिल्म 'द इम्मोर्टल अश्वत्थामा' में नजर आएंगी। इस फिल्म में भी उनके साथ विक्की ही होंगे। यह फिल्म महाभारत के महान योद्धा अश्वत्थामा पर आधारित होगी।