LOADING...
संजय मिश्रा बोले- बड़ी झुंझलाहट होती थी कॉमेडी के ठप्पे से, पर पेट तो भरना था
संजय मिश्रा को कॉमेडी से हो गई थी चिढ़

संजय मिश्रा बोले- बड़ी झुंझलाहट होती थी कॉमेडी के ठप्पे से, पर पेट तो भरना था

Feb 02, 2026
07:59 pm

क्या है खबर?

मशहूर अभिनेता संजय मिश्रा ने बॉलीवुड में 'टाइपकास्ट' होने के संघर्ष पर हाल ही में खुलकर बात की है। उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्मों में लगातार सिर्फ कॉमेडी रोल मिलने से वो चिड़चिड़े हो गए थे और इस छवि से बड़े ऊब चुके थे। हालांकि, उन्होंने बेबाकी से ये भी कहा कि भले ही वो इन किरदारों से परेशान थे, लेकिन जब उनके पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था, तब इन्हीं कॉमिक किरदारों ने उन्हें काम और सहारा दिया था।

तंज

"चीनी की जरूरत नहीं तो क्यों डालेंगे"

संजय ने इंडस्ट्री के काम करने के तरीके और निर्माताओं की सोच पर कटाक्ष कर ANI से कहा, "बॉस, टाइपकास्ट तो होना ही पड़ता है। जैसे किचन में हर मसाले का अपना डिब्बा होता है, वैसे ही निर्माताओं ने मेरे लिए 'कॉमेडी' का डिब्बा तय कर दिया था। अगर किसी फिल्म में चीनी की जरूरत नहीं है तो वे चीनी क्यों डालेंगे? निर्माताओं को लगता था कि कॉमेडी है तो संजय को बुलाओ, वो एक टेक में कर देगा।"

दिल की बात

रोल से चिढ़ भी थी, मजबूरी भी

संजय ने बताया कि निर्माताओं को भरोसा था कि कॉमेडी के लिए संजय मिश्रा सबसे आसान और सटीक विकल्प हैं, जिससे वो एक ही सांचे में कैद होते गए। संजय ने स्वीकार किया कि बार-बार एक ही जैसे रोल मिलने से वो परेशान हो गए थे। उन्होंने कहा, "मुझे चिढ़ होती थी, लेकिन कम से कम बेरोजगार तो नहीं था। उस समय मेरे पास कुछ काम नहीं था, इसलिए बेमन से पेट भरने के लिए मुझे वो रोल करने पड़े।"

Advertisement

लोकप्रियता

'एप्पल सिंह' से मिली पहचान और फिर कॉमेडी किंग बन गए संजय मिश्रा

नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) से निकले संजय ने 1995 में शाहरुख खान की फिल्म 'ओ डार्लिंग! ये है इंडिया' से कदम रखा था। 'सत्या' और 'दिल से' जैसी फिल्मों में काम करने के बाद 1999 क्रिकेट विश्व कप के दौरान 'एप्पल सिंह' के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। यहीं से उनके कॉमेडी सफर की शुरुआत हुई और वो 'गोलमाल', 'धमाल', 'ऑल द बेस्ट' और 'फंस गए रे ओबामा' जैसी फिल्मों से कॉमेडी का बड़ा नाम बन गए।

Advertisement

आगामी फिल्म

नीना गुप्ता के साथ 'वध 2' में नजर आएंगे संजय

साल 2022 की सफल फिल्म के बाद, संजय अब एक बार फिर नीना गुप्ता के साथ 'वध 2' में नजर आएंगे। इस सस्पेंस-थ्रिलर को और भी दिलचस्प बनाने के लिए इस बार कुमुद मिश्रा, शिल्पा शुक्ला, योगिता बिहानी, अक्षय डोगरा और अमित के. सिंह जैसे कलाकार भी नजर आएंगे, जो फिल्म के रहस्य में और भी नई परतें जोड़ेंगे। वध 2 6 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।

Advertisement