संभावना सेठ के घर गूंजी किलकारी, पति अविनाश द्विवेदी संग किया जुड़वा बच्चों का स्वागत
क्या है खबर?
भोजपुरी सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री संभावना सेठ के घर दोहरी किलकारी गूंजी है। अभिनेत्री ने पति अविनाश द्विवेदी के साथ जुड़वा बच्चों को जन्म दिया है, जिसका खुलासा सोशल मीडिया पर हुआ। दोनों शादी के 10 साल बाद माता-पिता बने हैं, जिससे उनके फैंस बेहद खुश हैं और उन्हें बधाई दे रहे हैं। संभावना और अविनाश ने इस साल अप्रैल में प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था। अब दोनों को एक बेटा और एक बेटी का आशीर्वाद मिला है।
खुशखबरी
संभावना और अविनाश ने जुड़वा बच्चों के जन्म का ऐलान किया
संभावना और अविनाश ने इंस्टाग्राम पर एक संयुक्त पोस्ट साझा करते हुए इस खुशखबरी का ऐलान किया। उन्होंने अपने नवजात बच्चों के साथ एक तस्वीर साझा की है, जिसमें दोनों बच्चों का चेहरा छिपा हुआ है। पोस्ट के साथ कैप्शन में लिखा, 'इस साल महा दिवाली जल्दी आ गई। लक्ष्मी और गणेश दोनों घर आ गए। हमारे दिल कृतज्ञता से भरे हुए हैं। हर हर महादेव।' बता दें, संभावना और अविनाश ने सरोगेसी के जरिए बच्चों का स्वागत किया है।
शादी
साल 2016 में दोनों ने रचाई थी शादी
संभावना और अविनाश ने साल 2016 में शादी रचाई थी। उनकी शादी का समारोह दिल्ली में बेहद निजी और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ था। 2024 में अभिनेत्री ने पहली बार IVF के जरिए हुए गर्भपात के बारे में खुलासा किया था और बताया था कि वह मां बनने के लिए काफी बार कोशिश कर रही थीं। काम की बात करें, ताे संभावना को 'बिग बॉस' सीजन 2 से सबसे ज्यादा लोकप्रियता हासिल हुई थी।