समय रैना ने दी 'इंडियाज गॉट लेटेंट' पर रिएक्शन वीडियो बनाने की छूट, नहीं आएगा कॉपीराइट
क्या है खबर?
मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन और यूट्यूबर समय रैना ने अपने सुपरहिट शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला फैसला लिया है। समय ने डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को एक बड़ी राहत देते हुए एलान किया है कि वे बिना किसी कॉपीराइट स्ट्राइक या क्लेम के डर के उनके शो पर रिएक्शन वीडियो बना सकते हैं। समय के इस कदम की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।
ऐलान
'इंडियाज गॉट लेटेंट' पर बिना कॉपीराइट के डर के बनाएं रिएक्शन वीडियो
समय ने कंटेंट क्रिएटर्स को राहत देते हुए घोषणा की है कि यूट्यूबर्स अब 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के पब्लिक एपिसोड्स पर बिना किसी कॉपीराइट क्लेम या स्ट्राइक के डर के रिएक्शन वीडियो बना सकते हैं। समय ने ये ऐलान शो के दूसरे सीजन के धमाकेदार आगाज के बाद किया, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी वाघ भी नजर आई थीं। इस फैसले से क्रिएटर्स को बिना किसी कानूनी झंझट के शो पर अपना कंटेंट बनाने की पूरी आजादी मिल गई है।
सराहना
समय के फैसले को मिला साथी यूट्यूबर्स का साथ
समय के इस कदम की अन्य यूट्यूबर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं। इसे शो के प्रति दर्शकों की भागीदारी, रिएक्शन कंटेंट और फैंस के जुड़ाव को बढ़ावा देने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया है। 'इंडियाज गॉट लेटेंट' पिछले साल विवादों में भी रहा था। एक एपिसोड के दौरान होस्ट द्वारा की गई कुछ विवादास्पद टिप्पणियों के कारण शो को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद इसके सभी एपिसोड्स को यूट्यूब से हटा दिया गया था।
करियर
समय रैना के सफर पर एक नजर
समय भारत के एक लोकप्रिय स्टैंडअप कॉमेडियन, कंटेंट क्रिएटर और यूट्यूबर हैं, जो अपनी हाजिरजवाबी के लिए जाने जाते हैं। समय ने अपने करियर की शुरुआत कश्मीरी पंडितों पर आधारित और अपने निजी अनुभवों के स्टैंडअप वीडियो से की थी, लेकिन उन्हें असली पहचान अमेजन प्राइम वीडियो के कॉमेडी रियलिटी शो 'कॉमिकस्तान' सीजन 2 का विजेता बनने के बाद मिली। अपने खुद के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' में वो देशभर से आए अनोखे प्रतिभा वाले लोगों को जज करते हैं।