LOADING...
आलिया भट्ट और शरवरी के साथ शुरू होगा 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2', कब और कहां देखें?
समय रैना के शो में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ

आलिया भट्ट और शरवरी के साथ शुरू होगा 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2', कब और कहां देखें?

Jun 20, 2026
06:16 pm

क्या है खबर?

समय रैना का कॉमेडी रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' अपने दूसरे सीजन के साथ धमाकेदार वापसी करने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रशंसकों के उत्साह को दोगुना करने के लिए शो के पहले ही एपिसोड में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ मुख्य अतिथि के रूप में नजर आने वाली हैं। दोनों अभिनेत्रियां अपनी आगामी जासूसी थ्रिलर फिल्म 'अल्फा' के प्रचार के सिलसिले में यहां पहुंचेंगी। आइए जानें आप इस बहुप्रतीक्षित पहले एपिसोड को कब और कहां देख सकते हैं।

समय

शाम 7 बजे यूट्यूब और नेटफ्लिक्स पर एक साथ रिलीज होगा पहला एपिसोड

ये धमाकेदार एपिसोड 20 जून को शाम 7 बजे एक साथ यूट्यूब और नेटफ्लिक्स दोनों प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जाएगा। समय ने इसकी पुष्टि अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एपिसोड का लिंक और थंबनेल साझा करके की है, जिसमें आलिया और शरवरी के साथ समय के करीबी दोस्त व सहयोगी बलराज सिंह घई और कॉमेडियन आशीष सोलंकी भी दिखाई दे रहे हैं। समय की वापसी और शो के पहले मेहमानों को लेकर फैंस अपनी उत्सुकता जाहिर कर रहे हैं।

प्रतिक्रिया

सातवें आसमान पर फैंस का उत्साह

समय की वापसी को लेकर सोशल मीडिया पर एक यूजर ने लिखा कि भाई बैन हुआ, पूरा सीजन हट गया और अब नेटफ्लिक्स डील के साथ लौट आया, इससे बड़ा धमाल क्या होगा। दूसरे यूजर ने इसे भारतीय डिजिटल कंटेंट की सबसे बड़ी वापसी बताया, वहीं शो में आलिया की मौजूदगी को लेकर भी फैंस मजेदार टिप्पणियां कर रहे हैं। कई यूजर्स का मानना है कि इस एपिसोड में खूब मस्ती और दिलचस्प पल देखने को मिलेंगे।

Advertisement

रिलीज

कब आ रही है उनकी फिल्म 'अल्फा'

'इंडियाज गॉट लेटेंट सीजन 2' में आलिया-शरवरी के आने की खबर पहले ही चर्चा में आ गई थी, जब शो के सेट से दोनों की एक तस्वीर इंटरनेट पर लीक हो गई थी। उनकी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'अल्फा'3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। ये यशराज फिल्म्स के महिला स्पाई यूनिवर्स की पहली फिल्म है, जिसमें बॉबी देओल विलेन बने हैं, वहीं ऋतिक रोशन का धमाकेदार कैमियो भी है।

Advertisement

विवाद और वापसी

भारी विवाद के 1 साल बाद 'इंडियाज गॉट लेटेंट 2' के साथ लौटे समय 

'इंडियाज गॉट लेटेंट' का पहला सीजन विवादों के बीच खत्म हुआ था और करीब 1 साल बाद इसका दूसरा सीजन लौट रहा है। पिछले सीजन में रणवीर अल्लाहबादिया की एक टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद हुआ था, जिसके बाद समय ने शो के सभी एपिसोड हटा दिए थे। इस मामले में कई FIR भी दर्ज हुईं। विवाद के बाद समय रैना ने देशभर में अपना 'स्टिल अलाइव' कॉमेडी टूर किया, जिसे हाल ही में यूट्यूब पर भी जारी किया गया।

Advertisement