LOADING...
'अल्फा' में आलिया भट्ट संग धमाके से पहले इन फिल्मों ने बदला शरवरी वाघ का खेल
शरवरी वाघ ने इन फिल्मों में दिखाया दम

'अल्फा' में आलिया भट्ट संग धमाके से पहले इन फिल्मों ने बदला शरवरी वाघ का खेल

Jun 17, 2026
05:01 pm

क्या है खबर?

यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स फिल्म 'अल्फा' को लेकर जबरदस्त उत्साह है, जिसमें शरवरी वाघ पहली बार आलिया भट्ट संग नजर आएंगी। हालांकि, इस मुकाम तक पहुंचने का उनका सफर आसान नहीं रहा। अपनी एक्टिंग, दमदार स्क्रीन मौजूदगी और मेहनत के दम पर शरवरी ने धीरे-धीरे इंडस्ट्री में खास पहचान बनाई है। आइए जानते हैं शरवरी की उन 3 फिल्मों के बारे में, जिन्होंने उनके हुनर को निखारा और उन्हें YRF की इस बड़ी एक्शन फिल्म का अहम चेहरा बनाया।

#1

'वेदा'

फिल्म 'वेदा' शरवरी के करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है, जिसने उन्हें सिर्फ एक ग्लैमरस अभिनेत्री के दायरे से बाहर निकाला। जॉन अब्राहम जैसे बड़े एक्शन हीरो की मौजूदगी के बावजूद शरवरी ने टाइटल रोल में अपनी शानदार एक्टिंग से पूरी महफिल लूट ली थी। एक ग्रामीण और शोषित लड़की के हक की लड़ाई और उसके कड़े संघर्ष को शरवरी ने बड़े पर्दे पर इतनी शिद्दत से जिया कि समीक्षक भी उनके मुरीद हो गए।

#2

'मुंज्या'

फिल्म 'मुंज्या' शरवरी के करियर की वो सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म है, जिसने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए उन्हें रातों-रात घर-घर में मशहूर कर दिया। दिनेश विजान के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स की इस फिल्म में शरवरी ने अपनी बेहतरीन कॉमिक टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म में उनका आधुनिक लुक और खासतौर पर 'तरस' गाने पर उनका शानदार डांस सोशल मीडिया पर ऐसा वायरल हुआ कि वे नेशनल क्रश बन गईं।

Advertisement

#3

'बंटी और बबली 2'

फिल्म 'बंटी और बबली 2' शरवरी के करियर की बेहद खास फिल्म है, क्योंकि इसी फिल्म से उन्होंने बॉलीवुड में बतौर लीड एक्ट्रेस कदम रखा था। रानी मुखर्जी और सैफ अली खान जैसे बड़े कलाकारों के सामने नई 'बबली' के रूप में खुद को साबित करना एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन शरवरी ने अपनी बेबाक एक्टिंग, कमाल की कॉमिक टाइमिंग और ग्लैमरस लुक से हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके लिए शरवरी को फिल्मफेयर पुरस्कार भी मिला।

Advertisement

मुकाबला

क्या आलिया को टक्कर दे पांएगी शरवरी?

'अल्फा' का ट्रेलर रिलीज होते ही चर्चा में है। सोशल मीडिया पर इसे मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या शरवरी बड़े पर्दे पर आलिया भट्ट के साथ बराबरी का दम दिखा पाएंगी। फिल्म में बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिका में हैं, वहीं ऋतिक रोशन का दमदार कैमियो भी इसमें देखने को मिलेगा। शिव रवैल के निर्देशन में बनी ये फिल्म 3 जुलाई, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Advertisement