Page Loader
सलमान की 'कभी ईद कभी दीवाली' अगले साल ईद को होगी रिलीज
'कभी ईद कभी दीवाली' अगले साल ईद को होगी रिलीज

सलमान की 'कभी ईद कभी दीवाली' अगले साल ईद को होगी रिलीज

Feb 07, 2022
05:38 pm

क्या है खबर?

साजिद नाडियाडवाला की 'कभी ईद कभी दिवाली' को लेकर समलान खान सुर्खियां बटोर रहे हैं। साजिद और सलमान ने एक साथ कई सफल फिल्मों में काम किया है। उम्मीद है कि उनकी यह फिल्म भी दर्शकों को पसंद आएगी। मार्च के मध्य में इस फिल्म की शूटिंग मुंबई में शुरू होगी। अब सलमान के प्रशंसकों के लिए एक अच्छी खबर आई है। सलमान की 'कभी ईद कभी दीवाली' अगले साल ईद के मौके पर सिनेमाघरों में आएगी।

रिपोर्ट

सलमान और साजिद की आखिरी फिल्म 'किक' ईद को हुई थी रिलीज

पिंकविला की रिपोर्ट की मानें तो सलमान की 'कभी ईद कभी दीवाली' अगले साल ईद के खास मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एक सूत्र ने बताया, "सलमान और साजिद की आखिरी फिल्म 'किक' भी ईद को रिलीज हुई थी और यह उन दोनों के लिए पहली 200 करोड़ी फिल्म साबित हुई थी। उन्होंने अब अपनी अगली फिल्म को भी ईद पर लाने का फैसला किया है। बहुत जल्द इस संबंध में आधिकारिक घोषणा होगी।"

शूटिंग

15 मार्च से मुंबई में शुरू होगी फिल्म की शूटिंग

फिल्म की शूटिंग 15 मार्च से मुंबई में शुरू होगी। फिल्म की टीम चार से पांच महीने की अवधि में कई स्थानों पर इसकी शूटिंग करेगी। इस साल सितंबर तक शूटिंग पूरी होने की उम्मीद है। इसके बाद फिल्म पोस्ट प्रोडक्शन स्टेज में जाएगी। इस फिल्म का निर्देशन फरहाद सामजी करेंगे। फिल्म में साउथ स्टार वेंकटेश और पूजा हेगड़े भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म में कुछ अन्य कलाकारों को भी शामिल किया जाएगा।

रोमांस

पूजा हेगड़े के साथ रोमांस करते दिखेंगे सलमान

इस फिल्म में 56 वर्षीय सलमान पहली बार 31 वर्षीया अभिनेत्री पूजा के साथ रोमांस करते नजर आएंगे। फिल्म में सलमान की प्रेमिका (पूजा) एक छोटे से कस्बे में रहने वाली लड़की है, जिसका स्वभाव सलमान से बिल्कुल विपरीत है। इस फिल्म की कहानी काफी हद तक सलमान के परिवार से प्रेरित होगी। इसमें एक ऐसे परिवार की कहानी होगी, जिसमें ईद और दिवाली दोनों त्योहार मनाए जाते हैं। यह लोगों को एकता और भाईचारे का संदेश देगी।

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस (फैक्ट)

'जीत', 'जुड़वा', 'हर दिल जो प्यार करेगा', 'मुझसे शादी करोगी', 'जान-ए-मन' और 'किक' जैसी फिल्मों में सलमान और साजिद ने साथ काम किया है। 'कभी ईद कभी दिवाली' में दोनों सातवीं बार साथ काम कर रहे हैं।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में भी नजर आएंगे सलमान

सलमान 'मास्टर' की हिन्दी रीमेक में नजर आ सकते हैं। 'टाइगर 3' में भी सलमान अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इस फिल्म में एक बार फिर कैटरीना कैफ के साथ उनकी जोड़ी नजर आएगी। वह शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' में भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। इसके अलावा उन्होंने हाल में 'बिग बॉस 15' को भी होस्ट किया। भले ही शो की टीआरपी कम रही, लेकिन सलमान ने अपने अंदाज से प्रभावित किया।