राज और डीके के लिए 'अतरंगी सुपरहीरो' बनने को तैयार सलमान खान, पर रखी ये शर्त
क्या है खबर?
सलमान खान अब पर्दे पर एक अनोखे 'सुपरहीरो' के अवतार में नजर आएंगे। उन्होंने मशहूर निर्देशक जोड़ी राज और डीके के साथ एक नई फिल्म फाइनल की है। इस फिल्म की खास बात ये है कि इसमें सलमान एक ऐसे सुपरहीरो का रोल करेंगे, जो अपनी शक्तियों और दुनिया को बचाने के काम से थक चुका है और अब रिटायर होना चाहता है। सलमान और निर्देशक राज-डीके की जोड़ी इसके जरिए पहली बार साथ आ रही है।
किरदार
'हैनकॉक' स्टाइल सुपरहीरो बनेंगे सलमान
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, पिछले 3 महीनों से सलमान और मशहूर निर्देशक जोड़ी राज एंड डीके के बीच चल रही चर्चा अब एक ठोस रूप लेती दिख रही है। ये जोड़ी सलमान के लिए एक बेहद ही अलग और अतरंगी सुपरहीरो फिल्म बना रही है। बताया जा रहा है कि यह फिल्म हॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म 'हैनकॉक' की तर्ज पर होगी। इसमें सुपरहीरो का किरदार आम हीरोज से बिल्कुल अलग, थोड़ा जिद्दी और मस्तीखोर होता है।
कहानी
ऐसी होगी फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी एक ऐसे सुपरहीरो के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सालों तक दुनिया की रक्षा करते-करते अब ऊब चुका है। वो अपनी 'केप' (सुपरहीरो की पोशाक) टांगकर एक शांतिपूर्ण रिटायरमेंट चाहता है, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर है। हालात उसे चैन से नहीं जीने देते और बार-बार उसे वापस एक्शन में आने पर मजबूर कर देते हैं, जिससे वो अंत में एक बहुत बड़े संकट में फंस जाता है।
बजट
सलमान ने निर्देशक के सामने रखी ये शर्त
सलमान ने राज और डीके के 'सुपरहीरो' आइडिया को हरी झंडी दे दी है, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने साफ कर दिया है कि वो बहुत ज्यादा महंगी सुपरहीरो फिल्म बनाने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने निर्देशकों से कहा है कि इस प्रोजेक्ट को सही बजट में तैयार किया जाए ताकि ये आर्थिक रूप से सुरक्षित रहे। सलमान का मानना है कि कहानी और किरदार इतने मजबूत होने चाहिए कि भारी-भरकम खर्च के बिना भी फिल्म कमाल कर सके।