Loading...
सलमान खान ने माइनस 7 डिग्री में की 'मातृभूमि' की शूटिंग, सह-कलाकार ने खोला राज
सलमान खान की फिटनेस के मुरीद हुए सह-कलाकार

सलमान खान ने माइनस 7 डिग्री में की 'मातृभूमि' की शूटिंग, सह-कलाकार ने खोला राज

Nov 27, 2026
05:08 pm

क्या है खबर?

सलमान खान अपनी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' काे लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म 2020 में गलवान घाटी के संघर्ष पर आधारित है, जिसमें अभिनेता भारतीय सेना के एक अधिकारी की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के लिए सलमान ने अपनी फिटनेस पर बहुत काम किया है, जिसका असर शूटिंग के दौरान दिखा। फिल्म में उनके सह-कलाकार विपिन भारद्वाज ने बताया कि कैसे माइनस 7 डिग्री में बिना ऑक्सीजन सिलेंडर के सलमान ने शूटिंग पूरी की।

तारीफ

कड़ाके की ठंड भी नहीं डिगा पाई सलमान का हौसला

न्यूज 18 से बातचीत में, विपिन ने बताया कि कैसे चुनौतीपूर्ण स्थिति में सलमान ने 'मातृभूमि' की शूटिंग की।

उन्होंने वह वक्त याद करते हुए कहा, "उस दिन माइनस 7 तापमान था। 15 से 16... बहुत लोग बीमार हुए थे, भर्ती हुए थे। सलमान सर हमेशा सीन देने के बाद बैठ जाते थे। उन्हें ऑक्सीजन सिलेंडर भी नहीं लेना पड़ा। नहीं तो, लगभग 80 से 90 परसेंट लोगों को सिलेंडर लगे। उनकी फिटनेस को मैच करना मुश्किल जैसा ही है।"

फिल्म

सलमान के बॉडी डबल भी पड़ गए बीमार

विपिन ने आगे बताया कि जिस जगह पर 'मातृभूमि' की शूटिंग चल रही थी, वहां ऑक्सीजन की वजह से सभी को होटल में रुकने के लिए सिर्फ 2 दिन मिले थे।

उन्होंने बताया कि सलमान के बॉडी डबल भी आए थे, जो बीमार पड़ गए। सलमान ने खुद अगले दिन शूट किया।

अपूर्वा लाखिया के निर्देशन में बनी 'मातृभूमि' में चित्रांगदा सिंह भी मुख्य किरदार में शामिल हैं। यह फिल्म 4 दिसंबर, 2026 को रिलीज के लिए तैयार है।

ADVERTISEMENT