'सतरंगा': अहान-अनीत की जोड़ी और मोहित सूरी का जादू, साल की सबसे बड़ी म्यूजिकल फिल्म तैयार
क्या है खबर?
निर्देशक मोहित सूरी की अगली रोमांटिक फिल्म को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। पहले 'सैयारा' के नाम से चर्चा में रही इस फिल्म के लिए अब 'सतरंगा' टाइटल पर विचार किया जा रहा है। इस म्यूजिकल लव स्टोरी के जरिए चंकी पांडे के भतीजे अहान पांडे और अनीत पड्डा की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाल मचाने आ रही है। 'सैयारा' की पुरानी टीम एक बार फिर इस प्रोजेक्ट के लिए साथ आई है।
कारण
क्यों चुना गया 'सतरंगा' नाम?
वैराइटी इंडिया के अनुसार, मोहितअपनी सिग्नेचर शैली में एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा पर काम कर रहे हैं, जिसका नाम 'सतरंगा' रखा जा सकता है। 'सतरंगा' नाम फिल्म की मूल थीम के साथ पूरी तरह मेल खाता है। ये एक ऐसी प्रेम कहानी होगी, जिसमें भावनाओं के कई रंग और उतार-चढ़ाव देखने को मिलेंगे। फिल्म का नाम अभी घोषित नहीं हुआ है, लेकिन 'सतरंगा' रेस में सबसे आगे है। खबर है कि ये नाम फिलहाल टी-सीरीज के पास सुरक्षित है।
उम्मीद
'सैयारा' की सफलता ने बनाया रास्ता
'सैयारा' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद इसकी पूरी टीम फिर साथ आ रही है। अहान और अनीत की ताजा जोड़ी और उनकी बेहतरीन केमिस्ट्री ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था। मोहित की भावनाओं से भरी कहानी और इस जोड़ी के जादू को देखते हुए निर्माता अब 'सतरंगा' के जरिए उसी सफलता को दोहराने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। 'सैयारा' की टीम एक नए और गहरे प्रोजेक्ट के साथ वापसी कर रही है, जिससे उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
स्तर
'सैयारा' से भी बड़ी होगी 'सतरंगा'
मोहित अब एक ऐसी कहानी पर काम कर रहे हैं, जो आज के युवाओं के रोमांस, दिल टूटने के दर्द और भावनाओं की जटिलता को बखूबी दिखाएगी। फिल्म का संगीत भी बेहद यादगार होने वाला है। मोहित पटकथा के आखिरी चरण में हैं। साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। निर्माता इस बार भावनाओं की सीमाओं को और आगे ले जाने की योजना बना रहे हैं। ये फिल्म 2027 के अंत में रिलीज के लिए तैयार है।
कबकेब
'सैयारा' ने 50 करोड़ के बजट में की थी 500 करोड़ की कमाई
फिल्म 'सैयारा' की भावुक कहानी ने दर्शकों के दिलों को ऐसा छुआ कि ये फिल्म साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शुमार हो गई थी। अपनी पहली ही फिल्म से अहान और अनीत ने सबको अपना मुरीद बना लिया था। मोहित ने फिर अपनी जादुई कहानी और दिल छू लेने वाले संगीत के जरिए 'सैयारा' को ब्लॉकबस्टर बना दिया। 40 से 50 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया था।