रोहित शेट्टी फायरिंग मामला: निर्देशक दोहरी सुरक्षा के बीच करेंगे 'गोलमाल 5' की शूटिंग
क्या है खबर?
मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी इस वक्त खबरों में बने हुए हैं। 1 फरवरी की सुबह जुहू स्थित उनके आवास 'शेट्टी टावर' पर अंधाधुंध फायरिंग की गई जिसने हर किसी को चौंका दिया। इस घटना के बाद से उनकी सुरक्षा को बढ़ाया गया है। सुरक्षा कारणों के चलते रोहित ने अगले 2 दिन के लिए अपने सारे कामों से ब्रेक भी लिया है। इस बीच, उनकी आगामी फिल्म 'गोलमाल 5' की शूटिंग के लिए खास इंतजाम किए गए हैं।
शूटिंग
दोहरी सुरक्षा के बीच इस दिन से शुरू होगी 'गोलमाल 5' की शूटिंग
मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, 'गोलमाल 5' की क्रिएटिव टीम से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया, "फिल्म की शूटिंग 15 फरवरी के बाद मुंबई में शुरू होनी थी। शूटिंग की तारीख में बदलाव की कोई सूचना नहीं मिली है। यह अब शेट्टी और पुलिस से मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगा।" अंदरूनी सूत्र ने बताया कि अगर निर्देशक सेट पर पहुंचते हैं, तो करीब 60 लोगों की सुरक्षा टीम तैनात होगी। इनमें स्थानीय पुलिस और रोहित के निजी बॉडीगार्ड शामिल हाेंगे।
पंजीकरण
सेट पर आने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया से गुजरना होगा
सूत्र ने आगे बताया कि 'गोलमाल 5' के सेट पर कुछ लोगों को आने की अनुमति होगी। प्रत्येक व्यक्ति को पहचान पत्र सत्यापन के साथ पूर्व पंजीकरण प्रक्रिया से गुजरने के बाद प्रवेश मिलेगा। मुंबई पुलिस के मुताबिक, रोहित के घर के बार अज्ञात हमलावरों ने 4 राउंड फायर किए थे। हमले की जिम्मेदारी सोशल मीडिया पर लॉरेंस बिश्नोई ने ली। फिलहाल पुलिस ने 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।