रोहित शेट्टी फायरिंग मामला: बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, कहा- अगली गोली सीधे छाती पर लगेगी
क्या है खबर?
मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास 'शेट्टी टावर' के बाहर हुई फायरिंग के मामले में एक बड़ा खुलासा हुआ है। कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की आधिकारिक तौर पर जिम्मेदारी ले ली है। गैंग ने न केवल गोलियां चलाने की बात कबूली है, बल्कि रोहित शेट्टी और पूरी फिल्म इंडस्ट्री को सीधी चेतावनी देते हुए कहा है कि उनके काम में दखल देना बंद करें। गैंग ने अपनी धमकी में क्या कहा, आइए जानते हैं।
चेतावनी
रोहित शेट्टी को गैंग की खौफनाक धमकी
गैंग ने धमकी में लिखा, 'आज हम शुभम लोंकर, आरजू बिश्नोई, हरी बॉक्सर और हरमन संधू मुंबई में निर्देशक रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेते हैं। हमने उन्हें कई बार मैसेज भेजकर चेतावनी दी थी कि हमारे काम में दखल न दें, लेकिन वो नहीं समझे। ये सिर्फ एक छोटा सा ट्रेलर था। अगर रोहित नहीं सुधरे तो अगली बार गोलियां घर के बाहर नहीं चलेंगी, सीधे उनके बेडरूम के अंदर और उनके सीने में होंगी।'
धमकी
तुम्हारा हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा- बिश्नोई गैंग
गैंग ने आगे लिखा, 'ये पूरी बॉलीवुड इंडस्ट्री को चेतावनी है। अपनी आदतें सुधार लो, वरना तुम्हारा हाल बाबा सिद्दीकी से भी बुरा होगा। जिन लोगों को हमने फोन किया है, वो लाइन पर आ जाएं (हमारी बात मान लें), वरना छिपने के लिए जगह कम पड़ जाएगी। हमारे दुश्मनों के लिए संदेश है कि तैयार रहो। बस देखो और इंतजार करो।' आखिर में लिखा है, 'सिर्फ एक ही था, एक ही है और एक ही रहेगा- लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप।'
शिकंजा
फायरिंग मामले में पुलिस की हिरासत में 5 संदिग्ध
रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में पुणे पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जुहू स्थित 'शेट्टी टावर' पर गोलियां चलाने के बाद आरोपी तुरंत मुंबई से फरार हो गए थे। जांच में ये सुराग मिला कि आरोपी देर रात ही पुणे पहुंच चुके थे। इसकी सूचना मिलते ही पुणे पुलिस ने घेराबंदी की और तेजी से कार्रवाई करते हुए सभी पांचों संदिग्धों को धर दबोचा।
लोकप्रियता
बॉलीवुड के सबसे भरोसेमंद निर्देशकों में से एक हैं रोहित शेट्टी
रोहित शेट्टी बॉलीवुड के सबसे सफल फिल्म निर्देशकों में से एक हैं। उन्हें खासतौर पर अपनी एक्शन कॉमेडी फिल्मों के लिए जाना जाता है। फिल्मों में गाड़ियों को हवा में उड़ाने का उनका सिग्नेचर स्टाइल काफी मशहूर है। उनके खाते में 'सिंघम' से लेकर 'सिंघम अगेन', 'गोलमाल' सीरीज, 'सिम्बा', 'चेन्नई एक्सप्रेस' और 'दिलवाले' जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में शामिल हैं। एक तरफ वो 'गोलमाल 5' लेकर आ रहे हैं तो वहीं जॉन अब्राहम संग उनकी फिल्म 'मारिया IPS' आ रही है।