'टॉक्सिक' के समर्थन में उतरे निर्देशक राजेंद्र सिंह बाबू, यश को बताया 'कोहिनूर का हीरा'
यश की बहुचर्चित फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' के ट्रेलर और गानों में दिखाए गए रोमांटिक व इंटीमेट दृश्यों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। दिग्गज फिल्ममेकर एस वी राजेंद्र सिंह बाबू की बेटी और अभिनेत्री ऋषिका सिंह ने इन दृश्यों पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि फिल्म में महिलाओं के चित्रण में अधिक सम्मान दिखाया जाना चाहिए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए निर्देशक एस वी राजेंद्र सिंह बाबू ने स्पष्ट किया कि ऋषिका के ये विचार पूरी तरह से उनके निजी विचार हैं। इसके साथ ही उन्होंने अभिनेता यश का पुरजोर समर्थन करते हुए उन्हें कन्नड़ सिनेमा का 'कोहिनूर हीरा' बताया और कहा कि हमें उनकी कला और फिल्मों पर गर्व होना चाहिए, क्योंकि कला के क्षेत्र में हर किसी की व्यक्तिगत राय का सम्मान किया जाना चाहिए।
बाबू ने की 'टॉक्सिक' और यश की तारीफ
इस विवाद के बीच एस वी राजेंद्र सिंह बाबू ने अभिनेता यश की जमकर तारीफ की है। उन्होंने यश को कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री का 'कोहिनूर हीरा' कहा है। बाबू का मानना है कि 'KGF' जैसी शानदार फिल्मों के जरिए यश ने कन्नड़ सिनेमा को पूरे देश में एक नई पहचान दिलाई है। उन्होंने यश की आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक' की भी तारीफ की और कहा कि यह फिल्म कन्नड़ सिनेमा को और भी ऊंचे मुकाम पर ले जाने की एक बेहतरीन कोशिश है।
बता दें कि गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी ये फिल्म 26 अगस्त, 2026 को पूरी दुनिया के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।