रीति तिवारी की बदतमीजी पर भड़के गायक एकम बावा, बोले- सुधर जाओ; वरना पोल खोल दूंगा
क्या है खबर?
'बिग बॉस 20' की प्रतियोगी रीति तिवारी द्वारा अपने पिता मनोज तिवारी से सिर्फ 25,000 रुपये पॉकेट मनी मिलने के दावे पर विवाद गहरा गया है। रीति की मां रानी तिवारी के कथित पूर्व पति और गायक एकम बावा ने उनकी लाइफस्टाइल और कमाई को लेकर बड़े खुलासे किए हैं। साथ ही उन्होंने शो के अन्य प्रतियोगी और गायक काजी तौकीर पर रिती की बदसलूकी को लेकर भी उन्हें जमकर खरी-खोटी सुनाई है।
विवाद
'बिग बॉस 20' में घिरीं रीति तिवारी
भोजपुरी स्टार और राजनेता मनोज तिवारी की बेटी रीति तिवारी सलमान खान के शो 'बिग बॉस 20' में लगातार गलत वजहों से सुर्खियों में बनी हुई हैं।
अपनी गायकी को लेकर सोशल मीडिया पर बुरी तरह ट्रोल होने से लेकर काजी तौकीर संग हुए विवादित टास्क तक, वो शो की सबसे विवादित प्रतियोगी बनकर उभरी हैं। इसी बीच उनकी मां रानी तिवारी के पूर्व साथी एकम बावा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट शेयर कर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
दावा
25,000 पॉकेट मनी वाले दावे को बताया झूठ
रीति के उस दावे पर, जिसमें उन्होंने पिता से हर महीने केवल 25,000 रुपये मिलने की बात कही थी, एकम बावा ने उन्हें झूठा करार दिया है।
खुद को रीति का सौतेला पिता बताने वाले एकम ने दावा किया कि उनके पास रेंज रोवर, स्पोर्ट्स कंपनी और मुंबई में कई फ्लैट्स हैं। उन्होंने ये भी खुलासा किया कि वो साल 2020 से 2025 तक रीति के साथ ही एक फ्लैट में रहे हैं।
खुलासा
रीति की लग्जरी लाइफ की खुली पोल
एकम बावा ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा कर दावा किया कि रीति उनकी मां संग उनके रिश्ते से अच्छी तरह वाकिफ थीं।
उनके मुताबिक, दोनों 2020 से 2022 तक लिव-इन में रहे और फिर शादी कर ली। सबूत के तौर पर उन्होंने मां-बेटी के साथ अपनी तस्वीरें भी शेयर कीं।
एकम बोले, "जिस लड़की के पास 4-5 लाख रुपये के महंगे हैंडबैग्स हों और जो लग्जरी गाड़ियों में घूमती हो, उसका इस तरह का दावा पूरी तरह से बेबुनियाद है।"
दावा
महीने का 3 लाख तो रेंज रोवर का खर्च- एकम बावा
एकम बावा ने सवाल उठाते हुए कहा, "रेंज रोवर का तो सिर्फ महीने का खर्च ही 2.5 से 3 लाख रुपये आता है और आप 25,000 की बात कर रही हैं? आपकी एक स्पोर्ट्स कंपनी है, जिसका बड़ा टर्नओवर है और बड़े-बड़े लोग जुड़े हैं। मुंबई में आपके नाम पर कई बड़े-बड़े फ्लैट्स हैं। आपके पास 4-5 लाख रुपये के ब्रांडेड बैग्स, लग्जरी गाड़ियां और बिजनेस से इतना पैसा आ रहा है तो फिर ये सब जा कहां रहा है?"
भड़ास
"लोगों को बेवकूफ बनाना बंद करें"
एकम ने दूसरे वीडियो में कहा, "लोगों को बेवकूफ बनाना बंद कीजिए। 'बिग बॉस' जैसे बड़े मंच पर जाकर आप लोगों को गालियां दे रही हैं। एक बच्चे की तरह आपका ऐसा व्यवहार करना बिल्कुल शोभा नहीं देता।"
अपनी पत्नी और सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए बावा ने कहा, "मेरे पास अब इन लोगों के लिए शब्द नहीं बचे हैं। जो छल और धोखा मेरे साथ हुआ है, भगवान करे वैसा किसी और के साथ कभी न हो।"
चेतावनी
काजी तौकीर का बचाव करते हुए रीति पर भड़के एकम
एकम के मुताबिक, वो कभी विवादों में नहीं पड़ते, लेकिन रीति के झूठ को बर्दाश्त नहीं कर सके।
काजी तौकीर के खिलाफ रीति के बयानों पर नाराजगी जताते हुए एकम बोले, "आप किसी पुरुष को मां-बहन की गालियां दोगी? ऐसे में गुस्सा आना लाजमी है। हम भी इंसान हैं, गुस्सा तो आएगा ही।"
उन्होंने रीति को सुधरने और लोगों को गुमराह न करने की सलाह दी। एकम ने चेताया कि अगर रीति नहीं मानीं तो वो उनका पर्दाफाश कर देंगे।