LOADING...
सोना तस्करी कांड में बुरी फंसीं रान्या राव, ED ने जब्त की 34 करोड़ की संपत्ति
रान्या राव पर ED का वार, 34 करोड़ की संपत्ति जब्त

सोना तस्करी कांड में बुरी फंसीं रान्या राव, ED ने जब्त की 34 करोड़ की संपत्ति

Feb 26, 2026
10:19 am

क्या है खबर?

सोना तस्करी कांड में फंसी कन्नड़ अभिनेत्री रान्या राव की मुश्किलें बढ़ गई हैं। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) द्वारा लगाए गए 102 करोड़ रुपये के भारी जुर्माने के बाद अब ED ने भी बड़ी कार्रवाई की है। अभिनेत्री की 34.12 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां कुर्क कर ली गई हैं। रान्या एक संगठित रैकेट के जरिए विदेश से करोड़ों का सोना अवैध रूप से भारत ला रही थीं, जिसकी कमाई को हवाला के जरिए सफेद किया गया।

कार्रवाई

रान्या राव केस में 34 करोड़ की संपत्ति जब्त

प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि रान्या एक संगठित सोना तस्करी रैकेट में शामिल थीं। जांच के अनुसार, मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच भारत में 102.55 करोड़ रुपये का लगभग 127.287 किलो सोना अवैध रूप से लाया गया। अधिकारियों ने टाइम्स नाउ को बताया कि तस्करी से होने वाली कमाई को हवाला चैनलों के जरिए ठिकाने लगाया गया। इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक 34.12 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की जा चुकी हैं।

खुलासा

1 साल तक चलता रहा रैकेट

सूत्रों के मुताबिक, रान्या कथित तौर पर एक संगठित गोल्ड स्मगलिंग रैकेट चलाने में शामिल थीं, जो पूरे 1 साल तक सक्रिय रहा। ED द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग प्रिवेंशन एक्ट (PMLA) के तहत की गई जांच में ये खुलासा हुआ है कि मार्च 2024 से मार्च 2025 के बीच कुल 127.287 किलोग्राम सोना भारत में अवैध रूप से लाया गया था। इस तस्करी किए गए सोने की अनुमानित कीमत लगभग 102.55 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

Advertisement

सबूत

रान्या राव के खिलाफ बड़ा सबूत सामने

जांच के दौरान हर्षवर्धिनी रान्या के नाम पर दर्ज 34.12 करोड़ रुपये की अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया गया है। ED की जांच में एक बेहद व्यवस्थित और संगठित तंत्र का खुलासा हुआ है। अधिकारियों के मुताबिक, इस रैकेट में विदेश से सोना खरीदना, उसे अवैध तरीके से भारत लाना और फिर उससे होने वाली कमाई को औपचारिक और अनौपचारिक (हवाला) वित्तीय चैनलों के जरिए ठिकाने लगाना (मनी लॉन्ड्रिंग) शामिल था।

Advertisement

करियर

चिकमगलूर से मुंबई तक, रान्या राव का सफर

रान्या का जन्म कर्नाटक के चिकमगलूर में हुआ था। उन्होंने स्कूली शिक्षा कोडागु से पूरी की और बाद में बेंगलुरु चली गईं। रान्या ने बेंगलुरु के दयानंद सागर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में दाखिला लिया, लेकिन अभिनय के लिए पढ़ाई छोड़ दी। इसके बाद उन्होंने मुंबई के किशोर नमित कपूर एक्टिंग स्कूल से प्रशिक्षण लिया। रान्या IPS अधिकारी के रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं, जो कर्नाटक राज्य पुलिस आवास निगम में DGP पद पर कार्यरत हैं।

Advertisement