फिल्म 'धुरंधर' के लिए रणवीर सिंह ने क्यों नहीं वसूली मोटी फीस? अब हुआ खुलासा
क्या है खबर?
रणवीर सिंह की 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी ने भारतीय सिनेमा को कई बार गौरवान्वित होने का मौका दिया है। आदित्य धर द्वारा निर्देशित यह फ्रैंचाइजी बॉलीवुड की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में शामिल है। इस बीच, फिल्म की वित्तीय संरचना को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है। बताया जा रहा है कि इस ब्लॉकबस्टर फिल्म के लिए रणवीर ने निर्माताओं से कोई मोटी फीस नहीं ली थी। इसके पीछे का कारण अब सामने आ गया है।
सौदा
रणवीर ने निर्माताओं संग किया था ये सौदा
इकोनॉमिक टाइम्स के साथ बातचीत में 'धुरंधर' की सह-निर्माता ज्योति देशपांडे बढ़ती प्रोडक्शन लागत को संभालने के बारे में बात की। उन्होंने बताया कि निर्माताओं ने एक जोखिम साझा करने का मॉडल अपनाया था। उनके मुताबिक, रणवीर ने 'धुरंधर' में कम तय फीस और एक अलग सौदे के साथ काम किया, इसलिए उन्हें इस तरह से फायदा हुआ। आदित्य ने भी ऐसा ही किया। इस तरह रणवीर और आदित्य को निर्माताओं के साथ-साथ काफी अच्छा फायदा हुआ।
फायदा
निर्माताओं के साथ सभी को हुआ फायदा
ज्योति ने बताया कि इस मॉडल ने यह सुनिश्चित किया कि फिल्म से जुड़े सभी लोग इसकी सफलता में अपना योगदान दें, न कि अग्रिम राशि पर निर्भर रहें। उन्होंने कहा, "फिल्म बनाने में हमने अपना सबकुछ लगा दिया था। बेशक, आखिर में हमारे पास 2 हिस्सों वाली फिल्म थी, इसलिए यह लंबा सफर बन गया। आखिर में, हम सभी मालामाल हो गए।" बता दें, 'धुरंधर' फ्रैंचाइजी में संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल भी नजर आए हैं।