रणबीर-आलिया के नए घर में ऋषि कपूर के लिए होगा एक खास कमरा- रिपोर्ट

पिछले काफी समय से रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की शादी की खबरों से गपशप गली गुलजार है। शादी के बाद जिस घर में दोनों शिफ्ट होने वाले हैं, वो भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। अब सुनने में आ रहा है कि रणबीर और आलिया के इस नए आशियाने में दिवंगत अभिनेता और रणबीर के पिता ऋषि कपूर के लिए भी एक खास कमरा होगा। आइए जानते हैं क्या कुछ जानकारी मिली है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, रणबीर-आलिया के घर की खासियत यह होगी कि उसमें ऋषि कपूर को समर्पित एक कमरा होगा। इसे तैयार करने में हर उस बात का ध्यान रखा जाएगा, जो ऋषि को पसंद थी। कमरे में उनसे जुड़ी हर उस चीज को संजो कर रखा जाएगा, जो उन्हें बेहद पसंद थी, फिर चाहे वो उनकी पसंदीदा कुर्सी हो या बुक शेल्फ। रणबीर-आलिया की शादी ऋषि का सपना था। परिवार ने उनसे जुड़ीं सारी यादों को संभालकर रखा है।
रणबीर-आलिया के नए घर में भी बड़ी तेजी से काम चल रहा है। अपने नए घर को बेहद खूबसूरत बनाने के लिए दोनों काफी मेहनत कर रहे हैं। वे अक्सर घर के काम का मुआयना करने जाते हैं। घर डिजाइन करने में रणबीर की मां नीतू कपूर भी मदद कर रही हैं। उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि परिवार के रीति रिवाजों के लिए कैसे स्पेस बनाना है। कृष्णाराज के पुराने बंगले की तरह चीजों को कैसे संजोकर रखना है।
रणबीर-आलिया की शादी को लेकर आए दिन नई खबरें आती हैं। पहले सुनने में आ रहा था कि दोनों इसी साल दिसंबर में शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। फिर खबरें आईं कि दोनों पहले अपने काम से जुड़े सारे कमिटमेंट पूरे करना चाहते हैं। लिहाजा दोनों की शादी अगले साल अप्रैल तक के लिए टाल दी गई है। बता दें कि 2017 में फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' के सेट पर रणबीर और आलिया के बीच प्यार पनपा था।
दो साल कैंसर से जंग लड़ने के बाद ऋषि कपूर 30 अप्रैल, 2020 को दुनिया से रुख्सत हो गए थे। न्यूयॉर्क में इलाज के बाद उनकी सेहत में सुधार था। वह मुंबई लौट आए थे, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया।
खबरें हैं कि रणबीर और आलिया इसी महीने सगाई करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो दोनों 29 नवंबर को परिवार और दोस्तों के बीच सगाई की रस्म पूरी कर सकते हैं। हालांकि, उनकी सगाई की खबरों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। खबर है कि रणबीर-आलिया राजस्थान में ही सगाई करने का प्लान बना रहे हैं। लोकप्रिय सेलेब्रिटी फोटोग्राफर विरल भयानी भी अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर इस खबर पर अपनी मुहर लगा चुके हैं।