Page Loader
रणबीर और इम्तियाज की अगली फिल्म नहीं होगी अमर सिंह चमकीला की बायोपिक
रणबीर और इम्तियाज की अगली फिल्म नहीं होगी चमकीला की बायोपिक

रणबीर और इम्तियाज की अगली फिल्म नहीं होगी अमर सिंह चमकीला की बायोपिक

Jun 20, 2021
07:30 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर मौजूदा दौर के सफल अभिनेताओं की सूची में शामिल हैं। इम्तियाज अली के साथ रणबीर की जोड़ी को काफी पसंद किया जाता है। हाल में खबर आई थी कि 'तमाशा' और 'रॉकस्टार' के बाद ये दोनों अपनी तीसरी फिल्म में एक साथ काम करने वाले हैं। संगीतकार अमर सिंह चमकीला की बायोपिक फिल्म को लेकर रणबीर और इम्तियाज चर्चा में थे। खबरों की मानें तो अब यह जोड़ी चमकीला की बायोपिक फिल्म पर काम नहीं करेगी।

रिपोर्ट

दो अन्य स्क्रिप्ट पर भी काम कर रहे इम्तियाज

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, रणबीर और इम्तियाज की अगली फिल्म दिवंगत गायक चमकीला की जीवन पर आधारित नहीं है। कहा जा रहा है कि इस फिल्म की नई स्क्रिप्ट और कहानी है, जिसे रणबीर ने पसंद किया है। एक सूत्र ने बताया, "यह सही है कि इम्तियाज पंजाबी गायक चमकीला के जीवन पर आधारित बायोपिक फिल्म बनाने की सोच रहे हैं। हालांकि, उनके पास दो अन्य फिल्में भी हैं, जिनकी स्क्रिप्ट पर एक साथ काम चल रहा है।"

किरदार

'रॉकस्टार' जैसे म्यूजिशियन के किरदार में दिखेंगे रणबीर

सूत्र ने आगे बताया कि इन दो फिल्मों में एक सामाजिक फिल्म है, जो आत्महत्या पर संदेश देती है। वहीं, दूसरी फिल्म की जानकारियों को गोपनीय रखा गया है। यह बायोपिक फिल्म नहीं है बल्कि इसमें उन्हें 'रॉकस्टार' जैसे म्यूजिशियन के किरदार में देखा जा सकता है। अभी इम्तियाज की इस फिल्म की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। अब देखना है कि 'तमाशा' और 'रॉकस्टार' के बाद ये दोनों अपनी तीसरी फिल्म में कैसा प्रदर्शन कर पाते हैं।

रिपोर्ट

रणबीर को फिल्म का आइडिया आया पसंद

इस फिल्म की कहानी काफी अलग होगी। हाल में मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अपनी आगामी फिल्म के लिए इम्तियाज ने रणबीर को अप्रोच किया है। सूत्र ने कहा था, "इम्तियाज इस समय एक साथ दो फिल्मों के प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इसमें एक चमकीला की बायोपिक है और दूसरा प्रोजेक्ट एक सामाजिक फिल्म है, जो आत्महत्या के विचार का समाधान खोजती है। रणबीर को एक फिल्म का आइडिया पसंद आया है।"

जानकारी

ऐसी है फिल्म 'तमाशा' और 'रॉकस्टार'

फिल्म 'तमाशा' 2015 में रिलीज हुई थी, जिसमें रणबीर के साथ दीपिका पादुकोण नजर आई थीं। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 136 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म के गानों को काफी पसंद किया गया था। मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने फिल्म में संगीत दिया था। 'रॉकस्टार' 2011 में आई थी, जिसमें रणबीर के साथ नरगिस फाखरी को देखा गया था। इस फिल्म में भी रहमान ने अपने संगीत से सभी को प्रभावित किया था।

वर्कफ्रंट

इन फिल्मों में दिखेंगे रणबीर

रणबीर के वर्कफ्रंट की बात करें तो आने वाले दिनों में उन्हें कई फिल्मों में देखा जा सकता है। रणबीर अयान मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' को लेकर चर्चा में हैं। इसके बाद वह करण मल्होत्रा की 'शमशेरा' में दिखेंगे। इस फिल्म में उनके साथ संजय दत्त और वाणी कपूर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। इसके अलावा वह फिल्म 'एनिमल' मे नजर आएंगे। उन्हें लव रंजन की फिल्म में भी देखा जा सकता है।