'महावीर कर्ण' का धमाकेदार टीजर जारी, हटके VFX फॉर्मेट के साथ आ रही फिल्म
रमेश वर्मा द्वारा निर्देशित बहुप्रतीक्षित फिल्म 'महावीर कर्ण' सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह फिल्म लाइव-एक्शन और अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स (VFX) का एक शानदार मिश्रण है, जो 4 दिसंबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी। हाल ही में निर्माताओं द्वारा जारी किए गए फिल्म के टीजर ने दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता बढ़ा दी है, जिसमें महाभारत के महान नायक कर्ण की गाथा को एक बिल्कुल भव्य और नए अंदाज में पेश किया गया है। अपनी अटूट वफादारी, दानशीलता और मजबूत इरादों के लिए पहचाने जाने वाले कर्ण के जीवन के अनछुए पहलुओं को यह फिल्म बड़े पर्दे पर जीवंत करने का वादा करती है।
'हाइब्रिड VFX' फॉर्मेट के साथ प्रयोग
'राक्षसुडु' और 'खिलाड़ी' जैसी सुपरहिट फिल्में बनाने वाले निर्देशक रमेश वर्मा इस बार कुछ नया और अलग लेकर आ रहे हैं। अपनी आने वाली फिल्म 'महावीर कर्ण' में वो एक अनोखे हाइब्रिड VFX फॉर्मेट का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसमें असली कलाकारों की एक्टिंग को शानदार विजुअल इफेक्ट्स (VFX) के साथ जोड़ा गया है, जिससे पर्दे पर एक जादुई दुनिया नजर आएगी। फिल्म में कर्ण के संघर्ष और उनकी असली ताकत को बहुत ही गहराई से दिखाया जाएगा, ताकि दर्शक उनसे भावनात्मक रूप से जुड़ सकें। इस फिल्म को बनाने में एक बहुत ही अनुभवी टीम साथ काम कर रही है, जिसमें रामजी डोट्ट (सिनेमैटोग्राफी), श्रीमणि (संवाद), प्रवीन पुडी (एडिटिंग) और ज्ञानी (संगीत) शामिल हैं। इन दिग्गजों की मेहनत से ये फिल्म भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी और खास उपलब्धि साबित हो सकती है।