राम कपूर का 13 की उम्र में यौन उत्पीड़न, बोले- समझ नहीं आया चिल्लाऊं या सहूं
क्या है खबर?
मशहूर अभिनेता राम कपूर ने अपनी जिंदगी के एक बेहद दर्दनाक और काले पन्ने का खुलासा किया है, जिसे सुनकर हर कोई दंग है। एक शो के दौरान उन्होंने बताया कि महज 13 साल की उम्र में वो यौन उत्पीड़न का शिकार हुए थे। राम के इस झकझोर देने वाले खुलासे और उनके बचपन के इस गहरे सदमे को सुनकर शो 'लॉक अप 2' की होस्ट फराह खान भी अपने आंसू नहीं रोक सकीं।
खुलासा
एविक्शन से बचने के लिए राम ने बयां किया बचपन का गहरा सदमा
राम कपूर को 'लॉक अप' सीजन 2 के हालिया एपिसोड में खुद को एविक्शन (बेघर होने) से बचाने के लिए अपने एक राज का खुलासा करना पड़ा। अभिनेता के बोर्डिंग स्कूल में 13 साल की उम्र में यौन उत्पीड़न का शिकार होने के खुलासे ने होस्ट फराह खान, प्रतियोगी सूफी मोतीवाला, हर्षद चोपड़ा, धीरज धूपर और अन्य लोगों की आंखों में आंसू ला दिए। शो से सामने आया राम का ये वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल है।
घटना
राम कपूर का झकझोर देने वाला खुलासा
राम ने खुलासा किया, "मैं 13 साल का था और 8वीं कक्षा में था, तब मेरा यौन उत्पीड़न हुआ था। स्कूल खत्म हो जाता था तो हम अपने शयनकक्ष में एक-दूसरे के साथ बैठकर बातें किया करते थे। 10वीं कक्षा का एक छात्र मेरे बिस्तर पर मेरे साथ बैठा था और अचानक उसने कंबल के अंदर मुझे छुआ। वहां कम से कम 30-40 बच्चे थे और मैं सुन्न हो गया था। मैं कुछ नहीं कर सका और वो करता रहा।"
दर्दनाक
"समझ नहीं आ रहा था कि क्या प्रतिक्रिया दूं"
राम ने अपना दर्द साझा करते हुए आगे कहा, "उस वक्त मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था कि मैं क्या करूं। कोई कदम उठाऊं, चुप रहकर बस बर्दाश्त करता रहूं या जोर से चिल्ला पड़ूं? मुझे समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या प्रतिक्रिया दूं। काफी देर बाद मैंने हिम्मत जुटाकर उनसे कहा कि मुझे अच्छा नहीं लग रहा है। मेरी ये बात सुनकर वो तुरंत रुक गए और वहां से चले गए।"
आपबीती
जिसने दिया जख्म, उसी ने लगाया मरहम
राम ने बताया कि इस घटना के बाद वो गहरे सदमे में चले गए और काफी शांत रहने लगे थे। हालांकि, कुछ हफ्तों बाद उनके उस सीनियर ने उनसे माफी मांगी और लगातार अपने किए पर पछतावा जताया। राम ने इसे अजीब बताते हुए कहा कि जिस व्यक्ति ने उन्हें यह गहरा जख्म दिया, उसी ने अंततः उन्हें इस सदमे से बाहर निकलने और ठीक होने में मदद की। बाद में वे दोनों अच्छे दोस्त भी बन गए।
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए वीडियो
Ram Kapoor revealed that when he was studing in Class 8 and was about 13 years in a boarding schoool he wad molested. #RamKapoor #LockUpp2 #LockUpp pic.twitter.com/EUsHw7r7Uy
— Digital News Hub (@digital_newshub) July 11, 2026
राज
राम ने माता-पिता और बच्चों से भी छिपाया ये राज
अभिनेता ने बताया कि इस राज को उनकी पत्नी गौतमी के अलावा उनके माता-पिता और बच्चे भी नहीं जानते। आज भी इस पर बात करने से उनका दर्द हरा हो जाता है, लेकिन इस घटना ने उनके मन से LGBTQ समुदाय के प्रति हर डर और पूर्वाग्रह को खत्म कर दिया। वे अब इस समुदार से जुड़ाव महसूस करते हैं। राम ने कहा कि वो सीनियर छात्र बुरा नहीं था, बल्कि टीनएज हार्मोन्स और उत्सुकता का शिकार था।
माहौल
फराह खान की आंखें हुईं नम, रितेश ने की राम की हिम्मत की तारीफ
राम के इस खुलासे के बाद वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो गए। उनकी आपबीती सुनकर सूफी मोतीवाला अपने साथ हुए उत्पीड़न को याद कर फूट-फूटकर रो पड़े। हर्षद चोपड़ा और धीरज धूपर भी अपने आंसू नहीं रोक पाए। होस्ट फराह खान की आंखें भर आईं और उन्होंने राम को गले लगाकर ढांढस बंधाया, वहीं रितेश देशमुख ने राम की हिम्मत की तारीफ कर कहा कि आज उन्होंने राम से बहुत कुछ सीखा है और उन्हें उन पर गर्व है।