राम चरण और उपासना ने किया जुड़वा बच्चों का स्वागत, खुशी से झूमे दादा बने चिरंजीवी
क्या है खबर?
साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार राम चरण और उनकी पत्नी उपासना कोनिडेला के घर खुशियों ने दोगुनी दस्तक दी है। 31 जनवरी, 2026 को इस जोड़े ने जुड़वा बच्चों एक बेटे और एक बेटी का स्वागत किया है। इस बड़ी खुशखबरी की पुष्टि खुद राम चरण के पिता चिरंजीवी ने सोशल मीडिया के जरिए की, जिससे उनके प्रशंसकों और पूरे कोनिडेला परिवार में जश्न का माहौल है। आइए जानें चिरंजीवी ने अपने पोस्ट में क्या लिखा।
खुशी
चिरंजीवी ने कहा- दैवीय आशीर्वाद
चिरंजीवी ने लिखा, 'अत्यधिक खुशी और आभार के साथ, हमें ये बताते हुए बड़ी प्रसन्नता हो रही है कि राम चरण-उपासना को जुड़वा बच्चों एक बेटे और एक बेटी का आशीर्वाद मिला है। दोनों बच्चे और मां स्वस्थ हैं। दादा-दादी के रूप में इन नन्हे बच्चों का अपने परिवार में स्वागत करना हमारे लिए आनंद और दैवीय आशीर्वाद का क्षण है। हम सभी के प्रार्थनाओं, प्रेम, आशीर्वाद और शुभकामनाओं के लिए तहे दिल से आभारी हैं। चिरंजीवी और सुरेखा।'
ट्विटर पोस्ट
यहां देखिए चिरंजीवी का पोस्ट
With immense joy and a heart full of gratitude, we are happy to share that @AlwaysRamCharan and @upasanakonidela have been blessed with twins - a baby boy and a baby girl.
— Chiranjeevi Konidela (@KChiruTweets) January 31, 2026
Both the babies and the mother are healthy and doing well. ✨
Welcoming these little ones into our family…
बच्चे
2023 में बेटी, 2026 में जुड़वा बच्चे
राम चरण-उपासना की शादी के 10 साल बाद साल 2023 में उनके घर पहली संतान के रूप में बेटी 'क्लिन कारा' का जन्म हुआ था। अब, 2026 में जुड़वा बच्चों के आगमन के साथ उनका परिवार पूरा हो गया है। कोनिडेला परिवार के लिए यह पिछले कुछ वर्षों में खुशियों का एक बड़ा सिलसिला रहा है। उपासना और राम चरण ने पिछले साल दिवाली के मौके पर अपने प्रशंसकों को बताया था कि वाे फिर माता-पिता बनने वाले हैं।
प्रेम कहानी
राम-उपासना की पहली मुलाकात, प्यार और भव्य शादी
राम-उपासना की प्रेम कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। दोनों की मुलाकात शादी से करीब एक दशक पहले एक स्पोर्ट्स क्लब में हुई थी। यहीं से मुलाकातों का सिलसिला शुरू हुआ और दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों का परिवार एक-दूसरे को लंबे समय से जानता था। जब राम-उपासना ने अपने रिश्ते के बारे में बताया तो परिवारवाले तुरंत राजी हो गए। इसके बाद जून 2012 में हैदराबाद में एक भव्य समारोह में दोनों ने शादी रचाई थी।
वर्कफ्रंट
'पेड्डी' की शूटिंग में व्यस्त हैं राम चरण
उपासना अपोलो हॉस्पिटल्स के चेयरमैन प्रताप सी रेड्डी की पोती हैं, लेकिन राम के लिए वो हमेशा एक समीक्षक की तरह और उनकी सबसे बड़ी ताकत रही हैं। एक तरफ जहां राम चरण के घर में जुड़वा बच्चों के आने का जश्न मनाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ काम के माेर्चे पर भी वो काफी सक्रिय हैं। राम चरण अपनी अगली पैन इंडिया फिल्म 'पेड्डी' की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसमें उनके साथ पहली बार जाह्नवी कपूर नजर आएंगी।