'धुरंधर' के 'जमील जमाली' पर निहाल निर्माता, खुश होकर थमाया 1 करोड़ का भारी-भरकम बोनस
क्या है खबर?
बॉलीवुड में अक्सर सुर्खियां मुख्य सितारों के इर्द-गिर्द सिमटी रहती हैं, लेकिन कभी-कभार कोई सहायक कलाकार अपनी अदाकारी से ऐसी छाप छोड़ता है कि निर्माता भी इनाम देने पर मजबूर हो जाते हैं। रणवीर सिंह अभिनीत 'धुरंधर' में 'जमील जमाली' का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता राकेश बेदी संग भी कुछ ऐसा ही हुआ है। खबर है कि उनकी बेहतरीन परफॉर्मेंस और वायरल डायलॉग्स से खुश होकर फिल्म के निर्माताओं ने उन्हें 1 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बोनस दिया है।
दरियादिली
'जमील जमाली' का जलवा, एक्टिंग पर फिदा हुए निर्माता
दिग्गज अभिनेता राकेश बेदी ने सालों बाद पर्दे पर ऐसी वापसी की है कि हर कोई दंग रह गया है। 'धुरंधर' में उनके 'जमील जमाली' के किरदार ने रातों-रात उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। फिल्म की फ्रैंचाइजी की ऐतिहासिक सफलता और खासकर 'धुरंधर 2' के क्लाइमैक्स में उनके किरदार के चौंकाने वाले खुलासे ने दर्शकों को अपनी सीटों से उछलने पर मजबूर कर दिया। उनके दमदार प्रदर्शन से गदगद निर्माताओं ने उन्हें 1 करोड़ रुपये का बोनस दिया है।
इनाम
फीस से दोगुना मिला बोनस
'धुरंधर' और 'धुरंधर 2' में राकेश के यादगार प्रदर्शन और उनकी कड़ी मेहनत को देखते हुए निर्माताओं ने उन्हें 1 करोड़ रुपये का बोनस दिया है। ये उनके प्रति आभार व्यक्त करने का एक जरिया है, जिसने फिल्म को ऐतिहासिक सफलता दिलाने में मदद की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, राकेश को इन फिल्मों के लिए 50 लाख रुपये की फीस मिली थी, लेकिन उनके बेहतरीन प्रदर्शन और को देखते हुए निर्माताओं ने उन्हें 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त चेक सौंपा है।
सम्मान
45 साल की मेहनत और 1 करोड़ का सम्मान
अगर ये खबर सच साबित होती है तो इसे मनोरंजन जगत में 45 साल से अधिक समय देने वाले राकेश बेदी के लिए एक 'आदर्श सम्मान' माना जाएगा। येह कदम न केवल उनकी प्रतिभा को सराहेगा, बल्कि इंडस्ट्री के अन्य वरिष्ठ कलाकारों के लिए भी एक सकारात्मक संदेश देगा। धुरंधर' फ्रेंचाइजी ने राकेश के करियर को नई दिशा दी है। 'जमील जमाली' किरदार की लोकप्रियता के चलते अब कई निर्माता-निर्देशक उन्हें अपनी फिल्मों में लेने को बेताब हैं।
करियर
राकेश बेदी का 70 के दशक से शुरू हुआ सफर अब पहुंचा शिखर पर
राकेश उन कलाकारों में हैं, जिन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग और सहज अभिनय से दशकों तक दर्शकों का मनोरंजन किया है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत 70 के दशक के अंत में की और साल 1981 में आई फिल्म 'चश्मे बद्दूर' से पहचान मिली, जिसमें उन्होंने 'ओमी' का किरदार निभाया था। टीवी के दौर में भी वो बड़े सितारे बनकर उभरे। हालांकि, इन सबसे ऊपर 'धुरंधर' में 'जमील जमाली' का किरदार उनके करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुआ।