आदित्य धर और टी-सीरीज को निर्देशक राजीव राय ने बताया 'चोर', बोले- सरेआम डकैती है ये
क्या है खबर?
मशहूर निर्देशक राजीव राय ने अपनी फिल्म 'त्रिदेव' के कालजयी गाने 'ओए ओए' के इस्तेमाल को लेकर 'धुरंधर 2' के निर्माताओं पर बड़ा हमला बोला है। राजीव ने आदित्य धर और उनके भाई लोकेश धर को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें 'चोर' तक कह डाला और उन पर उनके गाने की रूह को खत्म करने का आरोप लगाया है। राजीव ने कहा कि आदित्य अब कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मासूम बनने का नाटक कर रहे हैं।
विवाद
'रंग दे लाल' गाने पर उठा विवाद, बिना अनुमति इस्तेमाल का आरोप
फिल्म 'त्रिदेव' के निर्देशक और त्रिमूर्ति फिल्म्स के मालिक राजीव राय ने रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' के निर्माता आदित्य धर, लोकेश धर और जियो स्टूडियोज के खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया है। विवाद की जड़ इस फिल्म का गाना 'रंग दे लाल' है, जिसमें राय का दावा है कि उनके लोकप्रिय गाने 'तिरछी टोपीवाले (ओए ओए)' के संगीत और हुक लाइन का बिना अनुमति इस्तेमाल किया गया है।
खुलासा
फिल्म में अपना गाना देख उड़े निर्देशक के होश
राजीव राय ने DNA को बताया कि उन्होंने रिलीज के पहले हफ्ते में ही फिल्म देखी थी। उन्हें अंदाज़ा भी नहीं था कि उनका गाना 'तिरछी टोपीवाले' फिल्म में इस्तेमाल किया गया है। उसे पर्दे पर देखकर वे दंग रह गए। फिल्म देखने के बाद वे काफी समय तक सोच में थे कि इस पर क्या प्रतिक्रिया दें। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि क्या करें, इसीलिए कानूनी कदम उठाने में उन्हें 20 दिन का समय लगा।
आरोप
"ये सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि दोहरी चोरी है"
राजीव ने इसे स्पष्ट शब्दों में 'चोरी' करार दिया है। उनका कहना है कि किसी के गाने को बिना अनुमति के उठाना चोरी है और उसे तोड़-मरोड़ कर अपनी फिल्म में डालना 'दोहरी चोरी' है। वो बोले, "ये मेरी जिम्मेदारी है कि मैं कोर्ट में इसे चोरी साबित करूं। भले ही निर्माता खुद को निर्दोष कहें, लेकिन मुझे पूरा यकीन है कि ये एक कानूनी अपराध है। ये सिर्फ कॉपीराइट का मामला नहीं, बल्कि बौद्धिक संपदा की सरेआम डकैती है।"
सवाल
"न गाना बनाया, नl रिकॉर्ड किया; फिर हक कैसे?"
राजीव राय का कहना है कि 'तिरछी टोपीवाले' उनकी अपनी रचना है, जिसे उन्होंने बनाया, प्रोड्यूस किया और रिकॉर्ड किया। उन्होंने इसके लिए आनंद बख्शी (गीतकार) और विजू शाह (संगीतकार) को भुगतान किया था, इसलिए इस गाने के असली मालिक वही हैं। राजीव ने तीखे शब्दों में आदित्य धर, लोकेश धर, ज्योति देशपांडे और टी-सीरीज को 'चोर' बताते हुए कहा कि जब उन्होंने गाना खुद बनाया ही नहीं तो वो वो इस हद तक इसका कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं?
कमाई
1,000 करोड़ क्लब में एंट्री ले चुकी 'धुरंधर 2'
'धुरंधर 2' ने 19 मार्च को रिलीज होने के बाद से ऐसा गदर मचाया कि देखते ही देखते इसने बॉलीवुड की हर फिल्म को पीछे छोड़ दिया। ये फिल्म 1.050 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। इसी के साथ ये फिल्म इस आंकड़े को छूने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई है। अब देखना होगा कि चौथे वीकेंड पर ये कैसा प्रदर्शन करती है, क्योंकि इसे बॉक्स ऑफिस पर नई रिलीज डकैत से भी टक्कर मिल रही है।