मेटा ने व्हाट्सऐप, फेसबुक और इंस्टाग्राम के लिए पेश किया सब्सक्रिप्शन प्लान
क्या है खबर?
सोशल मीडिया कंपनी मेटा ने अपने यूजर्स के लिए नया सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू किया है। इसके तहत अब इंस्टाग्राम, फेसबुक और व्हाट्सऐप पर कुछ खास फीचर सिर्फ पैसे देकर इस्तेमाल किए जा सकेंगे। कंपनी कई महीनों से इस फीचर की टेस्टिंग कर रही थी। अब यह फीचर धीरे-धीरे शुरू किया जा रहा है। मेटा का कहना है कि इससे लोगों को पहले से ज्यादा नए और खास विकल्प मिल सकेंगे।
इंस्टाग्राम
इंस्टाग्राम और फेसबुक पर मिलेंगे खास फीचर
मेटा के मुताबिक, इंस्टाग्राम प्लस और फेसबुक प्लस की कीमत करीब 3.99 डॉलर (लगभग 400 रुपये) हर महीने रखी गई है। इन प्लान में यूजर्स स्टोरी से जुड़े ज्यादा आंकड़े देख सकेंगे। साथ ही पोस्ट को ज्यादा समय तक रखने और कुछ नए रिएक्शन इस्तेमाल करने जैसे फीचर भी मिलेंगे। कंपनी ने कुछ नए कस्टम विकल्प भी जोड़े हैं। इससे यूजर्स अपने अकाउंट को पहले से ज्यादा अपने हिसाब से इस्तेमाल कर पाएंगे और अनुभव बेहतर बना सकेंगे।
व्हाट्सऐप
व्हाट्सऐप पर भी आएंगे नए विकल्प
व्हाट्सऐप प्लस की कीमत करीब 2.99 डॉलर (लगभग 300 रुपये) हर महीने रखी गई है। इसमें खास थीम, अलग रिंगटोन, नए स्टिकर और ज्यादा चैट पिन करने जैसे फीचर मिलेंगे। कंपनी का कहना है कि इससे ऐप को अपने हिसाब से बदलना आसान होगा। व्हाट्सऐप इस्तेमाल करने वालों को इससे ज्यादा सुविधा मिल सकती है। कंपनी धीरे-धीरे इन फीचर्स को बढ़ाने की भी तैयारी कर रही है ताकि यूजर्स को आगे और नए विकल्प मिल सकें।
मेटा वन
मेटा वन के नाम से बढ़ेगी नई सेवा
मेटा ने अपने नए सब्सक्रिप्शन सिस्टम को मेटा वन नाम दिया है। कंपनी इसके तहत आगे AI, क्रिएटर और बिजनेस अकाउंट के लिए भी अलग योजनाओं की टेस्टिंग करेगी। मेटा का कहना है कि कुछ AI फीचर मुफ्त रहेंगे, लेकिन ज्यादा इस्तेमाल के लिए भुगतान करना पड़ सकता है। आने वाले समय में कंपनी और नए विकल्प जोड़ सकती है। इससे यूजर्स को जरूरत के हिसाब से अलग-अलग सुविधाएं चुनने का मौका मिलेगा।